लखनऊ: राजधानी लखनऊ में विक्रमादित्य मार्ग स्थित समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय के बाहर एक बार फिर पोस्टर चर्चा में है। सपा नेता मोहम्मद इखलाक की ओर से लगाए गए पोस्टर में तुकबंदी वाले नारों के जरिए भाजपा और चुनाव आयोग पर निशाना साधा गया है।
पोस्टर पर लिखा है- “एक कचौड़ी दो समोसा, जनता को BJP पे नहीं भरोसा” और “एक कचौड़ी दो समोसा, चुनाव आयोग में न करना भरोसा”। पोस्टर में चुनाव आयोग की तस्वीर भी लगाई गई है।
सपा नेता बोले- युवाओं के भरोसे का सवाल
पोस्टर लगाने वाले सपा नेता मोहम्मद इखलाक ने कहा कि यह केवल तुकबंदी नहीं, बल्कि युवाओं और मतदाताओं के भरोसे से जुड़ा मुद्दा है। उन्होंने भाजपा सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए रोजगार के मुद्दे को लेकर सरकार पर निशाना साधा।
इखलाक ने दावा किया कि युवाओं को रोजगार के बड़े वादे किए गए, लेकिन उन्हें अपेक्षित रोजगार के अवसर नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसी असंतोष को पोस्टर के जरिए सामने रखा गया है।
चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठाए सवाल
सपा नेता ने चंडीगढ़ मेयर चुनाव से जुड़े विवाद और इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट का हवाला देते हुए चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव लंबे समय से मतदाता सूची और कथित ‘वोट चोरी’ से जुड़े मुद्दे उठा रहे हैं।
सपा नेता का आरोप है कि इन मुद्दों को लेकर चुनाव आयोग के समक्ष सवाल उठाए जाने के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। हालांकि, चुनावी प्रक्रिया को लेकर लगाए गए इन आरोपों पर संबंधित पक्षों का पक्ष अलग हो सकता है।
सपा कार्यालय के बाहर लगाए गए इस पोस्टर के सामने आने के बाद राजधानी की सियासत में एक बार फिर पोस्टर वार चर्चा में आ गया है।
