रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला
लखनऊ। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ समाजवादी पार्टी ने रविवार को लखनऊ में प्रदर्शन किया। हजरतगंज चौराहे पर जुटे सपा कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और जेल भेजने की मांग की।
इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच करीब 25 मिनट तक नोकझोंक और धक्का-मुक्की होती रही। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर इको गार्डेन भेज दिया।
प्रदर्शन के दौरान उस समय दिलचस्प स्थिति बन गई, जब पुलिसकर्मी एक दो फीट के सपा कार्यकर्ता को पकड़कर ले जाने लगे। कार्यकर्ता ने खुद को छुड़ाने की कोशिश की तो एक दरोगा उसे गोद में उठाकर दौड़ पड़ा।
इस घटना का वीडियो और तस्वीरें सामने आने के बाद प्रदर्शन चर्चा में आ गया। पुलिस ने विरोध कर रहे अन्य कार्यकर्ताओं को भी पकड़कर पुलिस वाहन में बैठाया। वहीं, कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर अभद्रता करने का आरोप लगाया।
35 करोड़ वोटों की चोरी का लगाया आरोप
प्रदर्शन में शामिल गणेश ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर लोकतंत्र की हत्या करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि 35 करोड़ से अधिक वोटों की चोरी कर अलग-अलग राज्यों और केंद्र में भाजपा की सरकार बनवाने में चुनाव आयोग ने मदद की है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग भाजपा के पक्ष में काम कर रहा है।
गणेश ने कहा कि जब तक ज्ञानेश कुमार अपने पद से इस्तीफा नहीं देते, तब तक समाजवादी पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा। प्रदर्शनकारियों ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए।
बिहार और बंगाल के बाद यूपी में गड़बड़ी की आशंका जताई
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग ने पहले बिहार और पश्चिम बंगाल में चुनावी गड़बड़ी की और अब उत्तर प्रदेश में भी ऐसा करने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली लोकतंत्र को कमजोर कर रही है। सपा कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार को मुख्य चुनाव आयुक्त के पद से हटाने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि उनकी मांग पूरी होने तक विरोध जारी रहेगा।
अखिलेश यादव भी उठा चुके हैं वोट चोरी का मुद्दा
प्रदर्शन में शामिल आशीष ने कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव लंबे समय से वोट चोरी का मुद्दा उठाते रहे हैं। पार्टी की ओर से कई बार इसके साक्ष्य भी दिए गए, लेकिन चुनाव आयोग ने कोई ठोस संज्ञान नहीं लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की कथित मिलीभगत से भाजपा को चुनावों में फायदा पहुंचाया जा रहा है।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की। पुलिस ने सभी प्रदर्शनकारियों को मौके से हटाकर इको गार्डेन पहुंचाया।
