Homeउत्तर प्रदेशराष्ट्रीय एकता और सुरक्षा का संदेश: UPSSF ने आयोजित की खेल प्रतियोगिताएं...

राष्ट्रीय एकता और सुरक्षा का संदेश: UPSSF ने आयोजित की खेल प्रतियोगिताएं और मॉक ड्रिल

रिपोर्ट: ममता भारद्वाज

गाजियाबाद। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती यानी राष्ट्रीय एकता दिवस और पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर 05वीं वाहिनी उत्तर प्रदेश विशेष सुरक्षा बल (UPSSF) की ओर से 24 से 31 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

पुलिस महानिदेशक और शासन के निर्देशों के क्रम में आयोजित इन कार्यक्रमों का समापन 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दौड़ (रन फॉर यूनिटी) और एकता की शपथ के साथ हुआ।

सप्ताहभर चले आयोजनों के दौरान नोएडा, हिंडन, गाजियाबाद और मेरठ परिसरों में विभिन्न शैक्षिक और खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं।

इनमें वाद-विवाद, निबंध लेखन, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, कबड्डी, मैराथन और रस्साकशी जैसी प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। इन गतिविधियों के जरिए जवानों में शारीरिक दक्षता, अनुशासन और टीम भावना को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया।

मॉक ड्रिल के जरिए सुरक्षा तैयारियों का प्रदर्शन

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दुहाई डिपो स्टेशन पर लावारिस बैग से संबंधित मॉक ड्रिल आयोजित की गई।

इसके जरिए आपात स्थिति में सुरक्षा बलों की सतर्कता और कार्रवाई की प्रक्रिया को प्रदर्शित किया गया। वहीं, ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ थीम पर सतर्कता जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

आधुनिक हथियारों और सुरक्षा उपकरणों की लगी प्रदर्शनी

आम नागरिकों को सुरक्षा व्यवस्था और बल की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के लिए गाजियाबाद, बेगमपुल और परी चौक मेट्रो एवं RRTS स्टेशनों पर आधुनिक शस्त्रों, BDDS और AS चेक उपकरणों की प्रदर्शनी लगाई गई।

इस दौरान कमांडो सेल्फी पॉइंट भी आकर्षण का केंद्र रहा। यहां युवाओं और आम नागरिकों ने उत्साह के साथ भागीदारी की।

इसके अलावा सरसावा एयरपोर्ट पर GGG इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों के लिए शैक्षिक भ्रमण और सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। छात्रों को सुरक्षा व्यवस्था और विशेष सुरक्षा बल की भूमिका से परिचित कराया गया।

 

रन फॉर यूनिटी के साथ हुआ समापन

31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर वाहिनी परिसर और सभी विंगो में रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया गया। इस दौरान अधिकारियों और जवानों ने दौड़ में हिस्सा लेकर राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

साथ ही सभी अधिकारियों और जवानों को देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई गई।

आयोजकों के अनुसार, इन कार्यक्रमों का उद्देश्य बल कर्मियों में राष्ट्रसेवा, अनुशासन और शारीरिक दक्षता की भावना को मजबूत करना था।

साथ ही आम नागरिकों को सुरक्षा और सतर्कता के प्रति जागरूक कर राष्ट्रीय एकता का संदेश देना भी आयोजन का प्रमुख उद्देश्य रहा।

 

 

 

 

RELATED ARTICLES

Most Popular