लखनऊ के तालकटोरा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। राजाजीपुरम स्थित पंडित दीनदयाल गर्ल्स डिग्री कॉलेज के पास तेज रफ्तार डीसीएम वाहन ने युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी चालक और वाहन को हिरासत में ले लिया है।
मृतक की पहचान सुभाष कनौजिया उर्फ मिन्कू (22) पुत्र कन्नू प्रसाद कनौजिया के रूप में हुई है। वह मूल रूप से गोण्डा जिले के उमरी बेगमगंज थाना क्षेत्र के कुमेदानी गांव का निवासी था। वर्तमान में वह राजाजीपुरम के ई-ब्लॉक स्थित हैदर कैनाल के पास झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्र में रह रहा था।
जानकारी के अनुसार, सुभाष देर रात काम से लौट रहा था। इसी दौरान ई-ब्लॉक स्थित लल्ला होटल के पास सड़क पार करते समय तेज रफ्तार डीसीएम की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर तालकटोरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मृतक के पास मिले दस्तावेजों के आधार पर उसके परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया गया।
प्रभारी निरीक्षक तालकटोरा ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटना में शामिल डीसीएम वाहन और उसके चालक को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया।
पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के लिए शव को केजीएमयू मोर्चरी भेजा गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
