लखनऊ। लखनऊ खंड शिक्षक विधान परिषद सीट पर भाजपा प्रत्याशी उमेश द्विवेदी ने लगातार तीसरी बार जीत दर्ज कर हैट्रिक लगाई। जीत के बाद उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा नेतृत्व का आभार जताया। वहीं, लखनऊ खंड स्नातक सीट पर मतगणना के शुरुआती रुझानों में सपा प्रत्याशी कांती सिंह ने भाजपा के अवनीश सिंह पर बढ़त बनाई।
उमेश द्विवेदी ने कहा कि भाजपा ने एक सामान्य शिक्षक को लखनऊ जैसी राजधानी की सीट से तीसरी बार प्रत्याशी बनाया, इसके लिए वह पार्टी के आभारी हैं। उन्होंने उन लाखों शिक्षकों का भी धन्यवाद किया, जिन्होंने लगातार तीसरी बार उन पर भरोसा जताया।
उन्होंने कहा, “मैं शिक्षकों को विश्वास दिलाता हूं कि उनके आन-बान-शान के लिए अगर कभी किसी से भी टकराना पड़ेगा, तो मैं उससे पीछे नहीं हटूंगा।”
जीत के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया और उमेश द्विवेदी को कंधे पर बैठाकर खुशी जाहिर की।
स्नातक सीट पर पहले राउंड में कांती सिंह आगे
लखनऊ खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मतगणना के पहले राउंड में सपा प्रत्याशी कांती सिंह ने भाजपा प्रत्याशी अवनीश सिंह पर बढ़त बनाई। पहले राउंड में कांती सिंह को 6,579 वोट मिले, जबकि अवनीश सिंह को 4,387 वोट प्राप्त हुए। इस तरह कांती सिंह 2,192 वोटों से आगे रहीं।
पहले राउंड में कुल 13,980 मतों की गिनती हुई। इस सीट पर कुल नौ राउंड में मतगणना होनी है। पहले राउंड के बाद आठ राउंड की गिनती बाकी थी।
भाजपा ने सभी 11 सीटों पर जीत का दावा किया
भाजपा के स्नातक प्रत्याशी अवनीश सिंह ने दावा किया कि पार्टी सभी 11 सीटों पर जीत दर्ज करेगी। उन्होंने लखनऊ सीट पर भी भारी बहुमत से जीत का भरोसा जताया।
सपा प्रत्याशी कांती सिंह की ओर से मतगणना में गड़बड़ी के आरोप लगाए जाने पर अवनीश सिंह ने कहा कि हार की आशंका होने पर सपा आरोप लगाने लगती है। उन्होंने इन आरोपों को जनता को गुमराह करने वाला बताया।
कांती सिंह ने मतगणना में गड़बड़ी के लगाए आरोप
सपा प्रत्याशी कांती सिंह ने अपनी जीत को लेकर 200 प्रतिशत भरोसा जताया। उन्होंने कई बूथों पर गड़बड़ी, एजेंटों को रोके जाने और फर्जी मतदान के आरोप लगाए। उनका दावा था कि इन घटनाओं से 1,000 से 2,000 वोट प्रभावित हुए हैं। मतगणना के दौरान उन्होंने मतपत्रों के बंडलों में अधिक मतपत्र मिलने का आरोप भी लगाया।
वहीं, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अभय किशोर ने कहा कि मतगणना पूरी पारदर्शिता के साथ कराई जा रही है। उनके मुताबिक, लखनऊ खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में मतपत्रों के बंडल बनाने का काम शाम छह बजे पूरा हुआ। इसके बाद पहले चक्र में प्रत्याशियों के मतों की गिनती शुरू की गई।
दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में अलग-अलग व्यवस्था
अधिकारियों के मुताबिक, शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में मतगणना दो चक्रों में होनी है, जबकि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मतपत्रों के बंडल बनाने का काम जारी था। शिक्षक सीट पर 13 और स्नातक सीट पर 16 प्रत्याशी मैदान में थे।
मतगणना के लिए रैली स्थल के दोनों हॉल में 14-14 टेबल लगाई गई थीं। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा के उमेश द्विवेदी और सपा के सुशील कुमार के बीच मुकाबला था, जबकि स्नातक सीट पर भाजपा के अवनीश सिंह और सपा की कांती सिंह आमने-सामने थे।
