लखनऊ में अलग-अलग क्षेत्रों में हुई तीन आत्महत्या की घटनाओं से हड़कंप मच गया। ऐशबाग रेलवे कॉलोनी में रहने वाली 17 वर्षीय छात्रा ने अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों के मुताबिक उसने हाल ही में नीट परीक्षा दी थी और परीक्षा रद्द होने के बाद से मानसिक तनाव में थी। हालांकि परिवार ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है और मौके से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ।
दूसरी घटना कृष्णा नगर के महादेव नगर क्षेत्र की है, जहां 59 वर्षीय ठेकेदार राकेश कुमार दुबे ने कथित तौर पर आर्थिक तंगी और व्यापार में हुए नुकसान से परेशान होकर घर में फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस की शुरुआती जांच में रुपये के लेनदेन से जुड़े कुछ तथ्य सामने आए हैं, जिनकी पड़ताल की जा रही है।
वहीं सआदतगंज के कैम्पवेल रोड निवासी 31 वर्षीय विनीश यादव ने भी घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इस मामले में भी परिजनों ने किसी पर आरोप नहीं लगाया है। पुलिस तीनों घटनाओं की जांच कर आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
