HomeUncategorizedलखनऊ: ट्रांसजेंडर सुरक्षा और पशु संरक्षण को लेकर पुलिस आयुक्त को सौंपा...

लखनऊ: ट्रांसजेंडर सुरक्षा और पशु संरक्षण को लेकर पुलिस आयुक्त को सौंपा गया ज्ञापन

लखनऊ: ट्रांसजेंडर समुदाय और पशु अधिकारों के लिए कार्य करने वाली सामाजिक कार्यकर्ता देविका देवेंद्र एस. मंगलामुखी ने लखनऊ के पुलिस आयुक्त अमरेंद्र सिंह सेंगर से मुलाकात कर एक महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में ट्रांसजेंडर समुदाय की सुरक्षा मजबूत करने और पशु संरक्षण से जुड़े कानूनों का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित करने की मांग की गई।

ज्ञापन में मांग की गई कि लखनऊ कमिश्नरेट के प्रत्येक थाने में ट्रांसजेंडर हेल्प डेस्क स्थापित की जाए तथा ट्रांसजेंडर मामलों के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाए। इसके साथ ही ट्रांसजेंडर व्यक्तियों की शिकायतों का सम्मानजनक और त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने तथा पुलिसकर्मियों को समय-समय पर संवेदनशीलता संबंधी प्रशिक्षण देने की भी मांग रखी गई।

देविका ने कहा कि ट्रांसजेंडर पर्सन्स (प्रोटेक्शन ऑफ राइट्स) एक्ट, 2019 का प्रभावी क्रियान्वयन बेहद जरूरी है, ताकि ट्रांसजेंडर समुदाय को सुरक्षित, सम्मानजनक और भेदभाव-मुक्त वातावरण मिल सके।

ज्ञापन में पशु संरक्षण से संबंधित कानूनों, पशुओं के प्रति क्रूरता रोकने वाले प्रावधानों, एनिमल बर्थ कंट्रोल (ABC) नियमों और सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों का सख्ती से पालन कराने की भी मांग की गई।

पुलिस आयुक्त अमरेंद्र सिंह सेंगर ने ज्ञापन को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने ट्रांसजेंडर समुदाय की सुरक्षा और पशु संरक्षण के प्रति लखनऊ पुलिस की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

मुलाकात के बाद देविका देवेंद्र एस. मंगलामुखी ने कहा कि ट्रांसजेंडर व्यक्तियों की सुरक्षा और पशुओं के अधिकार, दोनों ही संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण सामाजिक विषय हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि लखनऊ पुलिस की सकारात्मक पहल भविष्य में अन्य राज्यों के लिए भी एक प्रेरणादायक उदाहरण बनेगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular