Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ विश्वविद्यालय में छात्रों का आंदोलन सातवें दिन भी जारी

लखनऊ विश्वविद्यालय में छात्रों का आंदोलन सातवें दिन भी जारी

लखनऊ विश्वविद्यालय में छात्रों के निष्कासन के विरोध में चल रहा अनिश्चितकालीन धरना सोमवार को सातवें दिन भी जारी रहा। आंदोलनरत छात्रों के समर्थन में समाजवादी पार्टी के विधायक रविदास मेहरोत्रा धरना स्थल पहुंचे और छात्रों की मांगों का समर्थन किया। वहीं, कांग्रेस के फरेंदा विधायक वीरेंद्र चौधरी के भी धरना स्थल पहुंचने की जानकारी है।

धरने के दौरान छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को उठाने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, जबकि विश्वविद्यालय प्रशासन फीस वृद्धि जैसे फैसलों पर अड़ा हुआ है।

आंदोलनकारी छात्रों ने स्पष्ट किया है कि जब तक निष्कासन की कार्रवाई वापस नहीं ली जाती और फीस वृद्धि समेत अन्य मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

इस बीच समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने भी छात्रों के समर्थन में धरना स्थल पहुंचकर कुलपति से फोन पर बातचीत की थी। उन्होंने छात्रों का निष्कासन वापस लेने और मामले का समाधान निकालने की अपील की थी।

हालांकि, विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से अब तक इस पूरे मामले पर कोई नई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। छात्रों का कहना है कि उनकी मांगों पर ठोस आश्वासन मिलने तक धरना जारी रहेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular