लखनऊ विश्वविद्यालय में गुरुवार दोपहर बड़ी संख्या में छात्रों ने कुलपति कार्यालय का घेराव कर विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। छात्रों ने साइबर लाइब्रेरी में खराब एसी और इंटरनेट सेवा की समस्या दूर करने के साथ ही लाइब्रेरी की टाइमिंग बढ़ाने की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारी छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन को मांगें पूरी करने के लिए दो दिन का अल्टीमेटम दिया है। छात्रों ने चेतावनी दी कि निर्धारित समय में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो दोबारा धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। छात्रों का कहना है कि इसके बाद होने वाले आंदोलन की जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी।

खराब एसी और इंटरनेट से छात्रों को परेशानी
छात्रों का आरोप है कि साइबर लाइब्रेरी में कई एसी लंबे समय से खराब हैं। इसके अलावा इंटरनेट सेवा भी आए दिन बाधित रहती है। इससे प्रतियोगी परीक्षाओं और अन्य पाठ्यक्रमों की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
छात्रों ने मांग की कि साइबर लाइब्रेरी के सभी खराब एसी तत्काल दुरुस्त कराए जाएं और इंटरनेट सेवा को सुचारु किया जाए। इसके साथ ही लाइब्रेरी का समय सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक करने की मांग की गई है।

पुराने आश्वासन पूरे न होने से नाराजगी
छात्र नेता अनुराग चौधरी ने कहा कि पिछले महीने कुलपति के साथ हुई वार्ता में विश्वविद्यालय प्रशासन ने साइबर लाइब्रेरी को सप्ताह के सातों दिन खोलने और इसके संचालन का समय बढ़ाने का आश्वासन दिया था। छात्रों का कहना है कि अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिससे विद्यार्थियों में नाराजगी बढ़ रही है।
