रिपोर्ट – प्रिया बाजपई शुक्ला
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के वजीरगंज में सोमवार को एसए अपार्टमेंट की एक दीवार गिरने से अफरा-तफरी मच गई। अपार्टमेंट में करीब 400 से 500 लोगों के मौजूद होने की सूचना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। बिल्डिंग के जर्जर होने और दोबारा हिस्सा गिरने की आशंका को देखते हुए एहतियातन पूरे अपार्टमेंट को खाली कराने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
सूचना मिलते ही पुलिस के साथ एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच गई। बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं और राहत एवं बचाव की तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं।

अपार्टमेंट के आसपास बैरिकेडिंग
पुलिस ने एसए अपार्टमेंट के आसपास बैरिकेडिंग कर लोगों की आवाजाही रोक दी है। प्रशासन की टीम लगातार भवन की स्थिति का जायजा ले रही है। किसी तरह की अनहोनी से बचने के लिए आसपास के लोगों को भी सतर्क किया गया है।
लखनऊ के जिलाधिकारी विशाख जी भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों से स्थिति की जानकारी ली। प्रशासन की ओर से भवन को सुरक्षित तरीके से खाली कराने पर जोर दिया जा रहा है।

भारी बारिश के बाद जर्जर भवनों पर कार्रवाई
वजीरगंज में लाल मस्जिद के पास स्थित एसए अपार्टमेंट को एहतियातन खाली कराया जा रहा है। हाल में हुई भारी बारिश के बाद जर्जर भवनों को लेकर प्रशासन ने सतर्कता बढ़ाई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जर्जर भवनों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद नगर निगम की ओर से ऐसे भवनों को चिह्नित कर तत्काल खाली कराने की कार्रवाई की जा रही है।
अधिकारियों के मुताबिक, जरूरत पड़ने पर जर्जर भवन को गिराने के साथ आसपास का रास्ता भी बंद किया जा सकता है। फिलहाल एसए अपार्टमेंट को खाली कराने और मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने पर फोकस किया जा रहा है।

