लखनऊ। राजधानी लखनऊ में करीब एक सप्ताह से जारी भीषण गर्मी के बीच शुक्रवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। तड़के आसमान में बादल छा गए और कई इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हुई। ठंडी हवाएं चलने से लोगों को उमसभरी गर्मी से राहत मिली। हालांकि सुबह 11 बजे के बाद हल्के बादलों के बीच तेज धूप निकल आई।
मौसम विभाग ने दिन में कई बार तेज आंधी चलने की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
गुरुवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.9 डिग्री अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक रिकॉर्ड किया गया।
जानकीपुरम विस्तार, सीतापुर रोड, मलिहाबाद और शहर के अन्य क्षेत्रों में सुबह हुई बारिश के बाद मौसम में नरमी देखने को मिली। ठंडी हवाओं के कारण लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की। वहीं मरीन ड्राइव समेत कई इलाकों में बादलों और हवाओं का असर देखने को मिला।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले चार से पांच दिनों तक तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है। इसके चलते गर्मी और उमस का असर जारी रहेगा। विभाग ने लोगों को दोपहर के समय सावधानी बरतने की सलाह दी है।
वहीं मानसून केरल में 4 जून को दस्तक दे चुका है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश में 18 जून के बाद कभी भी मानसून प्रवेश कर सकता है, जबकि लखनऊ में 20 जून के आसपास मानसून पहुंचने की संभावना जताई गई है। हालांकि प्रदेश में सामान्य से कम बारिश होने की आशंका भी व्यक्त की गई है, जिसका असर खेती और जल संसाधनों पर पड़ सकता है।
