Homeउत्तर प्रदेशलखनऊ में धूप और उमस का डबल अटैक, यलो अलर्ट जारी; दिन...

लखनऊ में धूप और उमस का डबल अटैक, यलो अलर्ट जारी; दिन में बारिश के आसार

राजधानी लखनऊ में गुरुवार सुबह से मौसम साफ है और तेज धूप निकलने से गर्मी व उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। हालांकि मौसम विभाग ने दिन में एक-दो बार हल्की बारिश और बादलों की आवाजाही की संभावना जताई है। मौसम विभाग की ओर से यलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

बुधवार देर रात शहर में तेज आंधी चली और कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई, जिससे मौसम कुछ समय के लिए सुहावना हो गया। जानकीपुरम विस्तार समेत कई क्षेत्रों में तेज हवाओं का असर देखने को मिला।

मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। वहीं बुधवार को अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। अधिकतम आर्द्रता 63 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 27 प्रतिशत रही।

पूर्वी और पश्चिमी यूपी में बारिश के संकेत

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, गुरुवार को प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। लखनऊ में भी मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिलेगा, हालांकि तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

उन्होंने बताया कि अगले तीन से चार दिनों तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है। ऐसे में लोगों को दोपहर के समय धूप से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है।

20 जून के आसपास लखनऊ पहुंच सकता है मानसून

मौसम विभाग के अनुसार, इस बार मानसून सामान्य समय से तीन दिन की देरी से 4 जून को केरल पहुंचा था। अनुमान है कि उत्तर प्रदेश में मानसून 18 जून के बाद प्रवेश कर सकता है, जबकि लखनऊ में इसके 20 जून के आसपास पहुंचने की संभावना है।

मौसम विशेषज्ञों ने प्रदेश में सामान्य से कम बारिश की आशंका जताई है। इससे खेती, जल संसाधनों और पेयजल उपलब्धता पर असर पड़ सकता है। ऐसे में किसानों और आम लोगों को मौसम के बदलते हालात पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।

RELATED ARTICLES

Most Popular