रिपोर्ट- अमित शुक्ला
ऐरवा कटरा। ब्लॉक क्षेत्र के दोवा माफी स्थित प्राचीन महर्षि दुर्वासा मंदिर के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मंदिर परिसर में एक करोड़ रुपये से अधिक की स्वीकृत धनराशि से होने वाले विकास कार्यों का भूमि पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ। धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण इस स्थल के विकास को क्षेत्र की ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण की दिशा में अहम पहल माना जा रहा है।

राज्यसभा सांसद गीता शाक्य के प्रयासों से स्वीकृत धनराशि से महर्षि दुर्वासा जी की पावन तपोभूमि का जीर्णोद्धार, सौंदर्यीकरण समेत विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे। सांसद की अनुपस्थिति में उनके प्रतिनिधि मुकुट सिंह शाक्य ने कार्यक्रम में पहुंचकर सहभागिता की।

इस दौरान सांसद प्रतिनिधि मुकुट सिंह शाक्य ने कहा कि महर्षि दुर्वासा जी की तपोभूमि क्षेत्र की आस्था और धार्मिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। मंदिर के विकास के लिए एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत होना क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों से मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों का संरक्षण केवल निर्माण और सौंदर्यीकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारी संस्कृति, परंपरा और आस्था को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का माध्यम भी है। मंदिर के विकास से क्षेत्र को नई पहचान मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

भूमि पूजन कार्यक्रम में शैलेन्द्र भदौरिया, आलोक दुबे, राजेश मिश्रा फौजी, सोनू गुप्ता और भरत मिश्रा समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। पर्यटन विभाग के अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
स्थानीय लोगों ने मंदिर के विकास कार्यों को क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने की दिशा में सराहनीय कदम बताया। विकास कार्य पूरे होने के बाद यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलने और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई गई।
