कुशीनगर, 2 जून। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को निर्माणाधीन महात्मा बुद्ध कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कुशीनगर का निरीक्षण किया और परियोजना की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि लगभग 450 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा यह विश्वविद्यालय पूर्वी उत्तर प्रदेश के किसानों के जीवन में खुशहाली लाने और उनकी आय बढ़ाने में मील का पत्थर साबित होगा।
निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता विश्वविद्यालय का निर्माण समयबद्ध ढंग से पूरा कर उसे जल्द संचालित करना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सितंबर-अक्टूबर तक विश्वविद्यालय का उद्घाटन किया जा सकेगा। इससे पहले कृषि मंत्री द्वारा सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत सुनिश्चित की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि विश्वविद्यालय में इसी शैक्षणिक सत्र से प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी है। स्थायी भवन तैयार होने तक छात्रों के लिए किराए के भवन अथवा जिला प्रशासन के सहयोग से वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह विश्वविद्यालय किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने, उत्पादन लागत कम करने, उत्पादकता बढ़ाने और उनकी आय में वृद्धि करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
सीएम योगी ने कहा कि कुशीनगर अब पिछड़े जिले की पहचान से आगे बढ़कर विकास के नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है, आपराधिक गतिविधियों और माफियागिरी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ है तथा इंसेफेलाइटिस जैसी गंभीर समस्या पर भी सफलता पूर्वक काबू पाया गया है।
मुख्यमंत्री ने जिले में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज, कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, नए हाईवे तथा फोरलेन-टूलेन सड़कों का निर्माण क्षेत्र के विकास को नई दिशा दे रहा है। गोरखपुर-सिलीगुड़ी मार्ग भी कुशीनगर से होकर गुजर रहा है, जिससे जिले की कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को बल मिलेगा।
उन्होंने बताया कि देवरिया-कुशीनगर फोरलेन परियोजना को पहले ही स्वीकृति मिल चुकी है। वहीं नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर के तहत पडरौना, कसया और देवरिया को जोड़ते हुए इसे प्रयागराज तक विस्तार देने की योजना पर भी कार्य किया जा रहा है। इससे लखनऊ सहित प्रदेश के अन्य प्रमुख शहरों तक पहुंच और आसान होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुशीनगर में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की सुविधा पहले से उपलब्ध है और भविष्य में नई वायु सेवाओं के शुरू होने से पर्यटन, व्यापार और निवेश को और गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि सड़क, हवाई संपर्क और बेहतर बुनियादी ढांचे के माध्यम से क्षेत्र में प्रति व्यक्ति आय बढ़ाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, सांसद विजय दुबे, सांसद रवि किशन, विधायक मोहन वर्मा, विधायक विवेकानंद पांडेय सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
