रिपोर्ट – प्रिया बाजपेयी शुक्ला
लखनऊ में शनिवार शाम बॉलीवुड अभिनेत्री मलाइका अरोड़ा का नवाबी अंदाज देखने को मिला। होटल ताज पैलेस में आयोजित फैशन शो में मलाइका बेगम के लुक में रैंप पर उतरीं। लखनवी चिकनकारी से सजी पोशाक में उनका अंदाज देखते ही बना। उनके रैंप पर आते ही दर्शकों ने तालियों से स्वागत किया।
मौका था फिक्की फ्लो लखनऊ की ओर से आयोजित ‘गुलमोहर 2026- एक मकसद के साथ फैशन’** कार्यक्रम का। रोशनी से सजे रैंप पर लखनऊ की कला, कारीगरी, फैशन और विरासत का खूबसूरत संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम में शहर के डिजाइनरों, ज्वैलर्स, कारीगरों और फिक्की फ्लो की सदस्यों ने अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। रैंप पर लखनवी पहनावे और चिकनकारी की झलक ने दर्शकों का ध्यान खींचा।

मलाइका अरोड़ा रहीं शो-स्टॉपर
फैशन शो में दिल्ली की डिजाइनर जोड़ी रिंपल और हरप्रीत नरूला ने भी विशेष प्रस्तुति दी। अभिनेत्री मलाइका अरोड़ा सेलिब्रिटी शो-स्टॉपर रहीं। फिक्की फ्लो की नेशनल प्रेसिडेंट पूजा गर्ग समेत अन्य पदाधिकारी भी कार्यक्रम में मौजूद रहीं।
फिक्की फ्लो लखनऊ की वाइस चेयरपर्सन निवेदिता सिंह ने बताया कि पहले सेगमेंट में स्थानीय डिजाइनरों और छह ज्वैलर्स ने मिलकर फैशन और ज्वैलरी कलेक्शन पेश किया।
35 कारीगरों के काम को मिला मंच
कार्यक्रम के दूसरे सेगमेंट में रिंपल और हरप्रीत नरूला के साथ रैंप वॉक हुआ। आयोजन का मुख्य उद्देश्य स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहित करना और उनकी कला को मंच देना रहा।
चेयरपर्सन सिमरन साहनी ने बताया कि चिकनकारी कारीगरों के लिए भी विशेष पहल की गई। कार्यक्रम में 35 आर्टिस्ट्स के टेक्सटाइल वर्क का प्रदर्शन किया गया और स्टॉल लगाए गए
फंड जुटाकर कारीगरों को बेसिक इक्विपमेंट के साथ **15 हजार रुपए का वाउचर** भी दिया गया, ताकि वे अपनी घरेलू जरूरत का सामान खरीद सकें।

विलुप्त होती टेपची कला को बढ़ावा
‘गुलमोहर 2026’ का उद्देश्य स्थानीय कारीगरों को पहचान दिलाने के साथ पारंपरिक कलाओं को बढ़ावा देना भी रहा। खास तौर पर विलुप्त होती टेपची कला** को मंच देने की पहल की गई।
कार्यक्रम में छह डिजाइनर-ज्वैलर जोड़ियों ने अपनी रचनाएं पेश कीं। हस्तकारी गोल्ड ज्वैलर्स के साथ हुई डिजाइनर प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। फिक्की फ्लो की सदस्यों ने म्यूज के रूप में रैंप वॉक करते हुए फैशन को महिलाओं के आत्मविश्वास और सशक्तीकरण से जोड़ने का संदेश दिया।
