Homeउत्तर प्रदेशमेरठ में 200 किलो विस्फोटक बरामद, दीपावली से पहले अवैध पटाखे बनाने...

मेरठ में 200 किलो विस्फोटक बरामद, दीपावली से पहले अवैध पटाखे बनाने की तैयारी का खुलासा

न्यूज डेस्क, मेरठ

मेरठ। दीपावली से पहले मेरठ में अवैध रूप से पटाखे बनाने और बड़े हादसे की आशंका से जुड़ी गतिविधियों का पुलिस ने खुलासा किया है। बुधवार दोपहर पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने शहर के दो घने रिहायशी और व्यावसायिक इलाकों में छापेमारी कर करीब 200 किलोग्राम विस्फोटक मिश्रण बरामद किया। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

पुलिस के मुताबिक, उन्हें सूचना मिली थी कि दीपावली के मौके पर अवैध पटाखे तैयार करने के लिए बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री शहर में लाई गई है। सूचना के आधार पर सीओ सदर देहात सुधीर कुमार के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस टीमों ने देहलीगेट थाना क्षेत्र के लाला का बाजार और रेलवे रोड क्षेत्र में छापेमारी की।

लाला का बाजार स्थित एक कॉम्प्लेक्स में एक राखी की दुकान की तलाशी ली गई। यहां बोरों में भरा विस्फोटक मिश्रण बरामद हुआ। इसके बाद रेलवे रोड क्षेत्र में भी कार्रवाई कर दूसरी खेप जब्त की गई।

सीओ सदर देहात सुधीर कुमार ने बताया कि शहर के बीच आबादी वाले इलाके में विस्फोटक सामग्री लाए जाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने तत्काल अलग-अलग टीमें बनाकर कार्रवाई की। मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं गौरव नाम के मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।

सिटी मजिस्ट्रेट पंकज दीक्षित ने कहा कि आबादी और व्यावसायिक क्षेत्र में बिना लाइसेंस और सुरक्षा मानकों के इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक रखना गंभीर अपराध है। उन्होंने इसे जनसुरक्षा के लिए बेहद खतरनाक बताया।

बरामद सामग्री में कौन-कौन से रसायन मौजूद हैं और उनकी क्षमता कितनी है, इसकी जांच के लिए फॉरेंसिक टीम ने नमूने लिए हैं। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि विस्फोटक की खेप शहर में कहां से लाई गई और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।

एसपी सिटी विनायक गोपाल भोंसले ने बताया कि संदिग्धों से पूछताछ जारी है और फरार आरोपी गौरव की तलाश में पुलिस टीमें लगाई गई हैं। पुलिस पूरी सप्लाई चेन की जानकारी जुटा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular