मेरठ। इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) ने सीए इंटरमीडिएट सितंबर 2026 परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। परीक्षा में मेरठ के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। रितिका गोस्वामी ने 454 अंक हासिल कर जिले में पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं, गौतम शाक्य 421 अंकों के साथ दूसरे और सौम्या रस्तोगी 397 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। क्षितिज जैन ने 390 अंक प्राप्त कर चौथा, जबकि रियाज निजवान ने 361 अंकों के साथ पांचवां स्थान हासिल किया।
जिले से परीक्षा में शामिल हुए 358 छात्र-छात्राओं में से 98 अभ्यर्थी सफल हुए। मेरठ ब्रांच के सह अध्यक्ष सीए शशांक गुप्ता और सचिव सीए विशु शर्मा ने बताया कि अनुषा गुप्ता, सृष्टि जैन, हर्ष बंसल, अनुराग यादव, इशकीर्त सिंह, दक्ष गोयल और लक्ष्य शर्मा समेत कई अन्य अभ्यर्थियों ने भी सीए इंटरमीडिएट परीक्षा उत्तीर्ण की है।
दोनों ग्रुप की परीक्षा में जिले से 85 छात्र-छात्राएं शामिल हुए, जिनमें से 18 अभ्यर्थी सफल रहे। ग्रुप प्रथम में 186 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें से 49 उत्तीर्ण हुए। वहीं, ग्रुप द्वितीय में 87 अभ्यर्थी शामिल हुए, जिनमें से 31 सफल रहे।
ICAI के रीजनल काउंसिल सदस्य सीए राजीव गुप्ता और मेरठ ब्रांच के अध्यक्ष सीए नितिन मलिक ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर मुंबई के नील राजेश शाह और नासिक की चंदक साक्षी ने 600 में से 502 अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से पहला स्थान हासिल किया। चेन्नई की श्रुति 492 अंकों के साथ दूसरे और सूरत के प्रेम अग्रवाल 490 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
देशभर में ग्रुप प्रथम की परीक्षा में 1,00,301 अभ्यर्थी शामिल हुए, जिनमें से 23,210 सफल रहे। ग्रुप द्वितीय में 68,400 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जिनमें से 12,938 उत्तीर्ण हुए। दोनों ग्रुप की संयुक्त परीक्षा में 38,339 अभ्यर्थी शामिल हुए, जिनमें से 5,066 सफल हुए।
दोनों ग्रुप में इशकीरत सिंह का शानदार प्रदर्शन
मेरठ के इशकीरत सिंह ने सीए इंटरमीडिएट के दोनों ग्रुप में सफलता हासिल कर उपलब्धि दर्ज की। उन्होंने दसवीं और बारहवीं की पढ़ाई सेंट मेरीज एकेडमी से पूरी की। वह बारहवीं में स्कूल टॉपर भी रहे। इशकीरत ने सीए इंटरमीडिएट की पूरी कोचिंग ऑनलाइन माध्यम से की।
इशकीरत के पिता सीए केपी सिंह शहर के वरिष्ठ प्रैक्टिसिंग चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं और केपीएस एंड एसोसिएट्स में वरिष्ठ साझेदार हैं। उन्हें विशेष रूप से जीएसटी के क्षेत्र में विशेषज्ञता प्राप्त है। वहीं, उनकी माता डॉ. सतप्रीत कौर अनुभवी ऑक्यूपेशनल थेरेपिस्ट हैं। वह पिछले लगभग 25 वर्षों से उम्मीद रिहैबिलिटेशन सेंटर के माध्यम से विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के उपचार और पुनर्वास के क्षेत्र में सेवाएं दे रही हैं।
