रिपोर्ट : ममता भारद्वाज
विश्व प्रसिद्ध ताजमहल में बुधवार को उस समय आकर्षण का केंद्र बन गया, जब मिस टीन इंटरनेशनल 2026 की प्रतिभागी यहां पहुंचीं। 30 से अधिक देशों से आईं प्रतिभागियों ने ताजमहल का दीदार किया और इसकी खूबसूरती को करीब से निहारा।
ताजमहल परिसर में विदेशी प्रतिभागियों को देखकर पर्यटकों के बीच भी उत्सुकता नजर आई। प्रतिभागियों ने ताजमहल की ऐतिहासिक और स्थापत्य कला को देखा और इसके साथ जमकर तस्वीरें खिंचवाईं। ताजमहल के अलग-अलग हिस्सों में प्रतिभागियों ने फोटो और वीडियो बनाकर इस खूबसूरत पल को यादगार बनाया।
इस दौरान मिस टीन इंटरनेशनल 2025 की विजेता लोरेना लुइज भी प्रतिभागियों के साथ मौजूद रहीं। ताजमहल की पृष्ठभूमि में प्रतिभागियों ने कई तस्वीरें क्लिक कराईं। सफेद संगमरमर से बने ताजमहल की खूबसूरती ने विदेशी मेहमानों को खासा आकर्षित किया।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष इंतजाम किए गए। CISF, ताज सुरक्षा पुलिस और पर्यटन पुलिस की टीमें मौके पर मौजूद रहीं और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रखीं।
ताजमहल का दीदार करने पहुंचीं मिस टीन इंटरनेशनल की प्रतिभागियों की मौजूदगी ने स्मारक परिसर में अलग ही नजारा पेश किया। विदेशी मेहमानों ने ताजमहल की खूबसूरती को कैमरे में कैद किया और आगरा की इस ऐतिहासिक धरोहर की यादें अपने साथ लेकर रवाना हुईं।
