Homeउत्तर प्रदेशनहर रोड बंद होने से परेशान व्यापारियों को राहत, विधायक ने समाधान...

नहर रोड बंद होने से परेशान व्यापारियों को राहत, विधायक ने समाधान का दिया आश्वासन

लखनऊ। जानकीपुरम विस्तार क्षेत्र में नहर रोड पर गहरी सीवर लाइन बिछाने के लिए चल रहे निर्माण कार्य से स्थानीय लोगों और व्यापारियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। सड़क बंद होने से प्रभावित नागरिकों और व्यापारियों ने लखनऊ उत्तर के विधायक डॉ. नीरज बोरा से हस्तक्षेप कर जल्द समाधान कराने की मांग की है।

बुधवार को जन उद्घोष व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने विधायक डॉ. नीरज बोरा से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधियों ने बताया कि सीवर लाइन निर्माण के चलते मार्ग बंद होने से क्षेत्र में आवागमन बुरी तरह प्रभावित है। इसका सीधा असर स्थानीय व्यापार पर भी पड़ रहा है, जिससे दुकानदारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

व्यापार मंडल ने मांग की कि निर्माण कार्य के दौरान लोगों की सुविधा के लिए वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की जाए या बंद किए गए रास्ते को जल्द से जल्द चालू कराया जाए, ताकि आम नागरिकों और व्यापारियों को राहत मिल सके।

मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक डॉ. नीरज बोरा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि वे जल निगम के अधिकारियों से बातचीत कर जल्द समाधान सुनिश्चित करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का शीघ्र निस्तारण उनकी प्राथमिकता है।

इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में जन उद्घोष व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष देवेन्द्र प्रताप सिंह, प्रदेश महामंत्री विनोद कुमार सिंह, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुशील कुमार सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष विजय उपाध्याय, जानकीपुरम विस्तार इकाई के वरिष्ठ उपाध्यक्ष जावेद आलम सिद्दीकी, महामंत्री दिवाकर पाण्डेय, विनय सिंह, नवीन सिंह, श्रवण मौर्य सहित कई व्यापारी मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular