Homeदेश विदेशमुंबई पहुंचा मानसून, 23 जून से कई राज्यों में तेज बारिश के...

मुंबई पहुंचा मानसून, 23 जून से कई राज्यों में तेज बारिश के आसार

मुंबई में रविवार सुबह सीजन की पहली अच्छी बारिश हुई, जिससे लंबे समय से गर्मी और उमस से परेशान लोगों को राहत मिली। दक्षिण-पश्चिम मानसून कई दिनों की रुकावट के बाद अब फिर सक्रिय हो गया है और अगले कुछ दिनों में देश के कई हिस्सों में आगे बढ़ने की संभावना है।

मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, मानसून इस महीने की शुरुआत में दक्षिण कोंकण तक पहुंच गया था, लेकिन 8 जून से सोलापुर के आसपास ठहरा हुआ था। अब 23 जून के आसपास महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में इसके आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं।

मुंबई में बारिश की मुख्य वजह अरब सागर से आने वाली नम हवाएं हैं। ये हवाएं पश्चिमी घाट की पहाड़ियों से टकराकर ऊपर उठती हैं, ठंडी होकर घने बादलों का निर्माण करती हैं और फिर ये बादल मुंबई क्षेत्र में वर्षा कराते हैं।

21 से 26 जून के बीच इन राज्यों में बारिश के आसार

IMD के मुताबिक 23 जून के आसपास मानसून महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ सकता है। वहीं 21 से 26 जून के बीच मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में अच्छी बारिश होने की संभावना है।

मानसून फिलहाल यूपी-छत्तीसगढ़ सीमा और बिहार के पास रुका हुआ है। पिछले 15 दिनों में यह 19 राज्यों तक पहुंच चुका है, लेकिन उत्तर प्रदेश के महराजगंज क्षेत्र के आसपास इसकी रफ्तार थमी हुई है।

8 राज्यों में अब भी गर्मी का कहर

देश के अधिकांश हिस्सों में प्री-मानसून गतिविधियां जारी हैं, लेकिन कई राज्यों में गर्मी का असर बना हुआ है। शनिवार को मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और तेलंगाना के कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया।

सबसे अधिक तापमान उत्तर प्रदेश के बांदा में 44.2°C रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा प्रयागराज में 43.6°C, खजुराहो में 42.4°C, महाराष्ट्र के ब्रह्मपुरी में 42.1°C, राजनांदगांव में 42°C, छपरा में 41.8°C और डाल्टनगंज में 40°C तापमान दर्ज किया गया।

दिल्ली को अभी करना पड़ सकता है इंतजार

मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में मानसून की एंट्री जुलाई के पहले सप्ताह तक टल सकती है, जबकि सामान्य तौर पर यह 27 जून के आसपास पहुंच जाता है।

मानसून की वर्तमान उत्तरी सीमा हरनाई, सोलापुर, हैदराबाद, भद्राचलम, कोरापुट, फुलबानी, रांची, जमुई और मुजफ्फरपुर से होकर गुजर रही है, जिसके कारण इन क्षेत्रों में आंधी और बारिश की गतिविधियां बढ़ी हुई हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular