। NEET पेपर लीक विवाद और छात्रों के प्रदर्शन को लेकर बॉलीवुड सेलेब्स की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं। सलमान खान के बाद अब अभिनेत्री आलिया भट्ट और अभिनेता आर. माधवन ने भी सोशल मीडिया के जरिए छात्रों और अभिभावकों की चिंताओं पर अपनी बात रखी है। दोनों कलाकारों ने अपने-अपने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और छात्रों के बेहतर भविष्य की जरूरत पर जोर दिया।
आलिया भट्ट ने अपने पोस्ट में छात्रों के संघर्ष और उनके पीछे खड़े परिवारों की उम्मीदों का जिक्र किया। उन्होंने लिखा कि पिछले कुछ दिनों ने उनका दिल कई बार तोड़ा और फिर उम्मीद के साथ उसे जोड़ा भी है। आलिया ने कहा कि अपनी बात पर डटे हर छात्र के पीछे एक सपना, एक परिवार की उम्मीद और अनगिनत त्याग की कहानी होती है।
उन्होंने आगे कहा कि ये छात्र सिर्फ अपने लिए नहीं, बल्कि उन सभी लोगों का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं जिन्होंने उनके सफर में उनका साथ दिया है। साथ ही, वे आने वाली पीढ़ी के लिए एक बेहतर रास्ता बनाने की कोशिश भी कर रहे हैं। आलिया ने छात्रों के साहस और संकल्प की सराहना करते हुए कहा कि उनकी हिम्मत हम सभी के लिए एक आईने की तरह है, जो यह सवाल पूछती है कि क्या हम वास्तव में देश के भविष्य की आवाज सुन रहे हैं।

आर. माधवन ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता पर दिया जोर
वहीं, आर. माधवन ने भी छात्रों और अभिभावकों की चिंता को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि शिक्षा में देश का भविष्य संवारने की ताकत है और हर छात्र ऐसे सिस्टम का हकदार है, जो निष्पक्ष, पारदर्शी और योग्यता पर आधारित हो।
अभिनेता ने कहा कि वह भारत के युवाओं की क्षमता में हमेशा विश्वास रखते हैं और मौजूदा परिस्थितियों में छात्रों व अभिभावकों की चिंता और निराशा को समझते हैं। उनके मुताबिक, शिक्षा व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए, जो युवाओं में आत्मविश्वास, निष्पक्षता और अवसर की भावना पैदा करे।
आर. माधवन ने कहा कि परीक्षा के पेपर लीक जैसी घटनाएं छात्रों और उनके परिवारों के भरोसे को कमजोर करती हैं। इसका असर उन युवाओं की मेहनत, उम्मीदों और सपनों पर पड़ सकता है, जिन्होंने अपने भविष्य के लिए वर्षों तक तैयारी की है।
दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
आर. माधवन ने सरकार से अपील की कि इस मामले में जो भी लोग जिम्मेदार पाए जाते हैं, उनके खिलाफ जल्द और सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि दोषियों को ऐसी सजा मिलनी चाहिए, जिससे भविष्य में कोई भी हमारे युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने की हिम्मत न करे।
उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में सुधार और सिस्टम को मजबूत करने की जरूरत पर भी जोर दिया। साथ ही युवाओं से अपील की कि वे निराश न हों और अपनी मेहनत, हुनर और क्षमता पर भरोसा बनाए रखें।
आर. माधवन ने शांतिपूर्ण तरीके से सुधार की मांग कर रहे लोगों के साहस की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि सभी को शांतिपूर्ण और जिम्मेदारी के साथ अपनी बात रखने के अधिकार का सम्मान करना चाहिए। साथ ही उन्होंने आंदोलन को उसके मूल उद्देश्य से भटकाने वाले स्वार्थी तत्वों से सावधान रहने की अपील भी की।

गौरतलब है कि छात्रों के प्रदर्शन को लेकर इससे पहले सलमान खान भी सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया दे चुके हैं। अब आलिया भट्ट और आर. माधवन की पोस्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को लेकर चर्चा और तेज हो गई है।
