डाबर इंडिया लिमिटेड ने अपने अभियान ‘हाजमोला मस्ती की पाठशाला’ के तहत बाल निकुंज इंटर कॉलेज में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान छात्रों के लिए फन गेम्स और स्वास्थ्य व फिटनेस से जुड़े जागरूकता सत्र आयोजित किए गए।
कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को शारीरिक गतिविधियों के प्रति प्रेरित करना और उन्हें खेल-कूद के महत्व से अवगत कराना था। छात्रों ने उत्साहपूर्वक विभिन्न खेलों में भाग लिया और फिटनेस एक्सपर्ट्स से उपयोगी जानकारी प्राप्त की।
मुख्य अतिथि डा. आर.सी. उप्रेती ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि नियमित खेल-कूद न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक विकास और एकाग्रता बढ़ाने में भी सहायक होता है। उन्होंने बच्चों को स्क्रीन टाइम कम कर दैनिक जीवन में शारीरिक गतिविधियों को शामिल करने की सलाह दी।
कार्यक्रम में डाबर इंडिया के प्रतिनिधि, स्कूल प्रबंधन और शिक्षकगण भी उपस्थित रहे। इस दौरान बताया गया कि ‘मस्ती की पाठशाला’ अभियान के तहत उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल के 20 शहरों के 550 स्कूलों में इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे करीब 2.5 लाख छात्रों को लाभ मिलेगा।
कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि यह पहल बच्चों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई है, जिसमें मनोरंजन के साथ-साथ स्वास्थ्य शिक्षा पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
