टीवी सीरियल ‘महाभारत’ में भगवान श्रीकृष्ण की भूमिका निभा चुके नीतीश भारद्वाज ने निर्देशक नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ के ट्रेलर की जमकर तारीफ की है। उन्होंने फिल्म के विजुअल इफेक्ट्स (VFX), सिनेमैटोग्राफी, कलाकारों की परफॉर्मेंस और संगीत की सराहना करते हुए इसे भारत की ओर से ऑस्कर के लिए मजबूत दावेदार बताया।
इंस्टाग्राम पर ट्रेलर शेयर करते हुए नीतीश भारद्वाज ने लिखा कि यह फिल्म बेस्ट फॉरेन फिल्म कैटेगरी में ऑस्कर जीतने की क्षमता रखती है। उन्होंने निर्माता नमित मल्होत्रा और निर्देशक नितेश तिवारी को बधाई देते हुए कहा कि यह भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ी उपलब्धि साबित हो सकती है। उन्होंने VFX और AI की मदद से तैयार किए गए फिल्म के भव्य संसार की भी प्रशंसा की और संगीतकार Hans Zimmer के योगदान को सराहा।

नीतीश भारद्वाज ने अभिनेता रणबीर कपूर को भी खास संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अब रणबीर पर भारतीय संस्कृति, परंपरा और मूल्यों को आगे बढ़ाने की सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सलाह दी कि भविष्य में ‘एनिमल’ जैसी फिल्मों से दूरी बनाकर ऐसी कहानियों का चयन करें जो भारतीय विरासत को दुनिया के सामने प्रस्तुत करें।
उन्होंने यह भी उम्मीद जताई कि दर्शक साई पल्लवी को सीता के रूप में स्वीकार करेंगे। साथ ही उन्होंने इच्छा जताई कि फिल्म में गोस्वामी तुलसीदास की चौपाइयों को मृदंग और मंजीरे की धुनों के साथ शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि वह इस फिल्म को कम से कम पांच बार देखना चाहेंगे।

फिल्म ‘रामायण’ का पहला ट्रेलर 30 जुलाई को ब्रह्म मुहूर्त में रिलीज किया गया। ट्रेलर हिंदी समेत कई भारतीय भाषाओं में एक साथ लॉन्च हुआ। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे हैं।
करीब 4000 करोड़ रुपये के बजट में बन रही यह फिल्म भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में शामिल मानी जा रही है। फिल्म का पहला भाग दिवाली 2026 और दूसरा भाग दिवाली 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज होगा।

