उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने अखिलेश यादव की PDA (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) राजनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनके PDA में ‘D’ का मतलब दलितों को दूर से प्रणाम करना है। राजभर ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव दलितों की समस्याओं और उनकी वास्तविक स्थिति जानने के लिए उनके बीच नहीं जाते।
ओम प्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिए सपा प्रमुख पर निशाना साधा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव रामपुर जाकर ‘A’ यानी अल्पसंख्यक वर्ग के लोगों से मिलते हैं। बनारस में ‘P’ यानी पिछड़ा वर्ग के लोगों के घर और दुकानों पर पहुंच जाते हैं, लेकिन ‘D’ यानी दलितों से दूरी बनाए रखते हैं। उन्होंने सवाल किया कि PDA की राजनीति करने वाले अखिलेश यादव दलितों का हाल जानने उनके बीच क्यों नहीं जाते?
‘जमीन पर उतरकर देखिए, कितना बदला उत्तर प्रदेश’
राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव को केवल राजनीतिक बयान देने के बजाय जमीन पर उतरकर उत्तर प्रदेश की स्थिति देखनी चाहिए। उन्हें दलित परिवारों के घर जाकर यह जानना चाहिए कि मौजूदा सरकार में उनके जीवन में क्या बदलाव आया है।
कैबिनेट मंत्री ने दावा किया कि योगी सरकार में दलित परिवारों को पक्के मकान और शौचालय की सुविधा मिल रही है। महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर रोजगार के अवसर दिए जा रहे हैं। इसके साथ ही बच्चों की शिक्षा और युवाओं के रोजगार के लिए भी काम किया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सपा शासनकाल में दलित और पिछड़े वर्ग के लोगों के साथ भेदभाव होता था और उनके अधिकारों की अनदेखी की जाती थी। राजभर ने कहा कि मौजूदा सरकार में इन वर्गों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए योजनाएं चलाई जा रही हैं।
‘अपने नेताओं से ही नहीं, आम जनता से भी मिलिए’
ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें केवल अपने नेताओं और समर्थकों से मुलाकात तक सीमित नहीं रहना चाहिए। आम जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं भी सुननी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब अखिलेश यादव गांवों और दलित बस्तियों में जाकर लोगों से मिलेंगे, तभी उन्हें प्रदेश की जमीनी हकीकत समझ आएगी।
राजभर ने कहा कि उत्तर प्रदेश में हुए बदलाव को जानने के लिए अखिलेश यादव को जनता के बीच जाना चाहिए और सरकार के कामकाज को जमीन पर देखना चाहिए। कैबिनेट मंत्री के इस बयान से प्रदेश की राजनीति में PDA को लेकर सियासी बहस और तेज होने के आसार हैं।
