HomeUncategorizedडॉ. सोनेलाल पटेल को श्रद्धांजलि न देने पर ओपी राजभर का अखिलेश...

डॉ. सोनेलाल पटेल को श्रद्धांजलि न देने पर ओपी राजभर का अखिलेश पर हमला

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। प्रदेश सरकार में मंत्री और सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर कुर्मी समाज के नेताओं की अनदेखी का आरोप लगाया है।

राजभर ने कहा कि 2 जुलाई को सामाजिक न्याय के प्रखर नेता और अपना दल के संस्थापक डॉ. सोनेलाल पटेल की जयंती पर अखिलेश यादव ने उन्हें श्रद्धांजलि तक नहीं दी। इसे उन्होंने राजनीतिक शिष्टाचार और सामाजिक सम्मान के खिलाफ बताया।

राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव के सोशल मीडिया मंचों पर डॉ. सोनेलाल पटेल के सम्मान में एक शब्द भी नहीं लिखा गया। उनके मुताबिक, इससे यह संदेश जाता है कि समाजवादी पार्टी गैर-यादव पिछड़े समाज के नेताओं को उचित सम्मान नहीं देती।

उन्होंने आरोप लगाया कि सपा में किसी नेता को महत्व मिलने की पहली शर्त यादव होना प्रतीत होती है।

सुभासपा अध्यक्ष ने कहा कि डॉ. सोनेलाल पटेल की बेटी ने एक जुलाई को अखिलेश यादव को जन्मदिन की शुभकामनाएं दी थीं, लेकिन अगले ही दिन उनके पिता की जयंती पर श्रद्धांजलि नहीं दी गई। उन्होंने इसे राजनीतिक मर्यादा और पारस्परिक सम्मान के विपरीत बताया।

ओम प्रकाश राजभर ने यह भी कहा कि डॉ. सोनेलाल पटेल के परिवार का समाजवादी पार्टी से राजनीतिक संबंध रहा है। उन्होंने याद दिलाया कि सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव डॉ. सोनेलाल पटेल का सम्मान करते थे और अखिलेश यादव को भी उसी परंपरा का पालन करना चाहिए था।

राजभर ने पूर्व केंद्रीय मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा का उदाहरण देते हुए समाजवादी पार्टी पर “यादववाद” का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि पार्टी में गैर-यादव पिछड़े नेताओं को उचित सम्मान नहीं मिलता। साथ ही उन्होंने कुर्मी समाज से सपा की कार्यशैली को समझने और अपने स्वाभिमान की रक्षा के लिए एकजुट रहने की अपील की।

RELATED ARTICLES

Most Popular