Homeनई दिल्लीमानसून सत्र के पहले दिन संसद में हंगामा, लोकसभा-राज्यसभा स्थगित

मानसून सत्र के पहले दिन संसद में हंगामा, लोकसभा-राज्यसभा स्थगित

नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र के पहले दिन सोमवार को लोकसभा और राज्यसभा में विपक्ष ने NEET-UG पेपर लीक, अयोध्या के श्रीराम मंदिर चढ़ावा चोरी समेत कई मुद्दों को लेकर जोरदार हंगामा किया। लगातार नारेबाजी और विरोध के चलते दोनों सदनों की कार्यवाही शुरू होने के कुछ ही देर बाद दोपहर 12 बजे तक स्थगित करनी पड़ी।

राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने NEET-UG पेपर लीक का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों की आवाज दबाई जा रही है और उन पर लाठीचार्ज किया गया। उन्होंने इस मुद्दे पर सदन में चर्चा की मांग की। हालांकि, हंगामे के बीच सभापति ने कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी।

वहीं लोकसभा में भी विपक्षी सांसद NEET-UG पेपर लीक, अयोध्या के श्रीराम मंदिर चढ़ावा चोरी और अन्य मुद्दों पर चर्चा की मांग करते हुए पोस्टर और बैनर लेकर सदन में पहुंचे। लगातार नारेबाजी के कारण लोकसभा की कार्यवाही करीब 12 मिनट ही चल सकी, जिसके बाद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

गौरतलब है कि संसद का मानसून सत्र 13 अगस्त तक चलेगा, जिसमें कुल 19 बैठकें प्रस्तावित हैं। सरकार इस सत्र में आयकर संशोधन विधेयक, राष्ट्रीय सम्मान के अपमान की रोकथाम (संशोधन) विधेयक और उच्चतम न्यायालय (न्यायाधीशों की संख्या) संशोधन विधेयक सहित सात महत्वपूर्ण विधेयकों को पारित कराने की तैयारी में है।

RELATED ARTICLES

Most Popular