Homeउत्तर प्रदेशपीजीआई से लापता युवती का सुराग नहीं, परिजनों ने लगाई बरामदगी की...

पीजीआई से लापता युवती का सुराग नहीं, परिजनों ने लगाई बरामदगी की गुहार

लखनऊ। पीजीआई क्षेत्र से 21 मई को लापता हुई 21 वर्षीय युवती का अब तक कोई सुराग नहीं लग सका है। युवती के परिजनों ने आशंका जताई है कि उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाया गया है। मामले को लेकर विभिन्न सामाजिक संगठनों ने भी चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग की है।

मंगलवार को युवती के पिता के समर्थन में नर्सिंग एसोसिएशन के पदाधिकारी पीजीआई थाने पहुंचे। एसोसिएशन की अध्यक्ष लता सचान, संयुक्त सचिव मनोज वर्मा, महामंत्री विवेक और मंजूलता समेत अन्य सदस्यों ने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर युवती की सकुशल बरामदगी और नामजद आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने कहा कि परिवार पिछले कई दिनों से गहरे मानसिक तनाव में है।

पिता ने युवक पर लगाए आरोप

युवती के पिता ने आरोप लगाया है कि इरशाद अली नामक युवक उनकी बेटी को अपने साथ ले गया है। उनका कहना है कि आरोपी पिछले लगभग एक वर्ष से उनकी बेटी का पीछा कर रहा था और उस पर दबाव बना रहा था। परिवार का दावा है कि इस संबंध में पहले भी शिकायतें की गई थीं, लेकिन समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। पिता ने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व में हुई मारपीट की घटना में भी एफआईआर दर्ज नहीं की गई थी।

सामाजिक संगठनों ने सौंपा ज्ञापन

मामले को लेकर राजपूत करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष दुर्गेश सिंह दीपु ने अपनी टीम के साथ पीजीआई अस्पताल के निदेशक से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। संगठन ने युवती की शीघ्र बरामदगी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

वहीं, अखिल भारत हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शिशिर चतुर्वेदी पुलिस आयुक्त कार्यालय जाकर वार्ता और प्रदर्शन की तैयारी कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें उनके आवास पर ही नजरबंद कर दिया। शिशिर चतुर्वेदी ने युवती की जल्द बरामदगी की मांग उठाई है।

सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाओं पर पुलिस का बयान

मामले को लेकर सोशल मीडिया पर धर्मांतरण और युवती को विदेश ले जाने संबंधी कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि 22 मई को दर्ज कराए गए मुकदमे में इस तरह के कोई आरोप दर्ज नहीं हैं। जांच के दौरान भी अब तक ऐसे किसी दावे की पुष्टि करने वाले साक्ष्य नहीं मिले हैं।

चार पुलिस टीमें कर रहीं तलाश

पीजीआई पुलिस के अनुसार युवती की बरामदगी और नामजद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार विशेष टीमें गठित की गई हैं। दक्षिणी जोन की सर्विलांस टीम भी जांच में जुटी हुई है। पुलिस कई संभावित स्थानों पर तलाश कर चुकी है और मामले की जांच विभिन्न पहलुओं से की जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular