केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार को लखनऊ में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता न तो अखिलेश यादव के ट्वीट को गंभीरता से लेती है और न ही उन पर भरोसा करती है। जनता एक बार फिर उन्हें ठुकराने का काम करेगी।
मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’ में शामिल होने पहुंचे पीयूष गोयल ने कहा कि अखिलेश यादव के शासनकाल को जनता भूली नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान प्रदेश विकास से वंचित रहा, कानून-व्यवस्था बिगड़ी और विभाजनकारी राजनीति को बढ़ावा मिला।
लखनऊ में प्रबुद्ध जन सम्मेलन में पहुंचे गोयल
हजरतगंज स्थित सहकारिता भवन में भाजपा महानगर इकाई की ओर से आयोजित कार्यक्रम में पीयूष गोयल ने मोदी सरकार की उपलब्धियों और विकसित भारत के विजन पर चर्चा की। इस दौरान लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल, भाजपा नेता नीरज सिंह और महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी समेत कई नेता मौजूद रहे।
राष्ट्र प्रेरणा स्थल का किया दौरा
कार्यक्रम से पहले केंद्रीय मंत्री ने राष्ट्र प्रेरणा स्थल का दौरा किया और पौधारोपण भी किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत नई ऊंचाइयों को छू रहा है और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
मालिनी अवस्थी ने भी रखे विचार
सम्मेलन में लोक गायिका मालिनी अवस्थी ने कहा कि यदि उत्तर प्रदेश बदला है और यहां विकास हुआ है तो देश की प्रगति स्वतः तेज होगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश संतों, साहित्य और सांस्कृतिक विरासत की भूमि है, जिसने देश को नई दिशा दी है।
