प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन और निर्वाचित प्रतिनिधि के रूप में उनके 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू किया गया है। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत कश्मीर से कन्याकुमारी तक विभिन्न सेवा और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 सितंबर को 76 वर्ष के हो गए हैं। वहीं, 7 अक्टूबर को निर्वाचित प्रतिनिधि के तौर पर उनके 25 वर्ष पूरे होंगे। इसमें गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में उनका एक दशक से अधिक का कार्यकाल और वर्ष 2014 से प्रधानमंत्री के रूप में उनकी जिम्मेदारी शामिल है।
वडनगर से वाराणसी तक निकलेगी बाइक रैली
अभियान के तहत गुजरात के वडनगर से उत्तर प्रदेश के वाराणसी तक बाइक रैली आयोजित की जाएगी। वडनगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मस्थान है, जबकि वाराणसी उनका लोकसभा क्षेत्र है। भाजपा के अनुसार, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुजरात के वडनगर से वाराणसी तक जाने वाली बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह उत्तर प्रदेश में रहेंगे और वाराणसी से वडनगर तक जाने वाली बाइक रैली को हरी झंडी दिखाएंगे। इस अभियान के जरिए देशभर में सेवा, जनसंपर्क और सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
17 सितंबर से शुरू हुआ एक महीने का अभियान
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने 9 सितंबर को पार्टी मुख्यालय में अभियान की घोषणा की थी। उन्होंने बताया था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सार्वजनिक सेवा यात्रा 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई थी। 7 अक्टूबर 2026 को उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होंगे।
इसी के मद्देनजर भाजपा ने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाने का निर्णय लिया है। पार्टी के अनुसार, अभियान के दौरान विभिन्न राज्यों में सेवा कार्यों और जनसंपर्क से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
राष्ट्रपति मुर्मु और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने दी शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रधानमंत्री के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्षों के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भी प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री देश को ‘विकसित भारत’ की दिशा में आगे ले जा रहे हैं और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
