रामनगरी अयोध्या में 10वें दीपोत्सव को भव्य और यादगार बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार दीपोत्सव के दौरान सरयू तट और रामपथ के साथ शहर के प्रमुख मठ-मंदिर भी आकर्षक रोशनी से जगमगाते नजर आएंगे। श्री अयोध्या जी तीर्थ विकास परिषद ने इसके लिए 41 प्रमुख मठ-मंदिरों और धार्मिक स्थलों की सूची तैयार की है। इन सभी स्थानों को पारंपरिक झालरों और आधुनिक लाइटिंग से सजाया जाएगा।
दीपोत्सव के दौरान अयोध्या में लाखों दीये जलाए जाने के साथ ही मंदिरों की विशेष सजावट श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगी। इस पहल के जरिए रामनगरी के धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक वैभव को भव्य रूप में प्रस्तुत करने की तैयारी है। खास बात यह है कि इस बार सजावट में अयोध्या की पारंपरिक पहचान के साथ आधुनिक पर्यटन नगरी की छवि भी दिखाई देगी।
छोटी छावनी से दशरथ महल तक दिखेगी रोशनी की छटा
परिषद की ओर से तैयार सूची में अयोध्या के कई प्रमुख धार्मिक स्थल शामिल हैं। इनमें छोटी छावनी मंदिर, वाल्मीकि मंदिर, चारधाम मंदिर, दिगम्बर अखाड़ा, बड़ा भक्त महल, दशरथ महल, सनकादिक आश्रम, जानकी घाट, कौशल्या सदन, अशर्फी भवन, रामवल्लभाकुंज, लक्ष्मण किला, सुग्रीव किला, श्रीधाम रामकोट, रंग महल और क्षीरेश्वर मंदिर प्रमुख हैं।
इसके अलावा झुनकीघाट मंदिर, नाका हनुमानगढ़ी, उदासीन संगत आश्रम, फटिक शिला, रामकचेहरी, गुरुद्वारा ब्रह्मकुंड, राजसदन, सहादतगंज हनुमानगढ़ी, दरिद्री आश्रम और कारसेवकपुरम परिसर को भी विशेष रूप से सजाया जाएगा। धार्मिक स्थलों के साथ कार्यशाला और अन्य सांस्कृतिक परिसरों में भी लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी।
पारंपरिक झालरों के साथ आधुनिक लाइटिंग
मंदिरों की सजावट के लिए उनकी संरचना और जरूरत के हिसाब से लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी। कहीं पारंपरिक झालरें लगाई जाएंगी तो कहीं आधुनिक रोशनी के जरिए मंदिरों की खूबसूरती को निखारा जाएगा। रात के समय रोशनी से जगमगाते मंदिरों की वास्तुकला और भव्यता श्रद्धालुओं को आकर्षित करेगी।
योजना के मुताबिक, दीपोत्सव से पहले सभी स्थानों पर सजावट का काम पूरा करने की तैयारी है, ताकि त्योहार के दौरान अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं और देश-विदेश के पर्यटकों को रामनगरी का भव्य नजारा देखने को मिले।
दीपोत्सव की भव्यता बढ़ाएगी 41 मंदिरों की सजावट
श्री अयोध्या जी तीर्थ विकास परिषद के सीईओ जयेंद्र कुमार ने बताया कि दीपोत्सव के दौरान मठ-मंदिरों को पारंपरिक और आधुनिक लाइटिंग के मिश्रण से सजाया जाएगा। इसका उद्देश्य दीपोत्सव की भव्यता बढ़ाने के साथ अयोध्या की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को प्रमुखता से प्रदर्शित करना है।
योगी सरकार के 10वें दीपोत्सव में 41 मठ-मंदिरों की विशेष सजावट रामपथ की रोशनी के साथ रामनगरी की खूबसूरती को और बढ़ाएगी। इससे अयोध्या में दीपोत्सव का उत्साह केवल प्रमुख आयोजन स्थलों तक सीमित न रहकर शहर के अलग-अलग धार्मिक और सांस्कृतिक क्षेत्रों में भी दिखाई देगा।
