मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में कार्य करने का नया कीर्तिमान स्थापित करने पर हार्दिक बधाई दी है। लगातार 4399 दिनों तक प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी निभाने के साथ ही नरेंद्र मोदी देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि 145 करोड़ देशवासियों की सेवा, सुरक्षा और समृद्धि के लिए समर्पित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह ऐतिहासिक रिकॉर्ड भारतीय लोकतंत्र की शक्ति और जनता के अटूट विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे देश के स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद की सामूहिक अभिव्यक्ति है।
योगी आदित्यनाथ ने अपने संदेश में लिखा कि इतिहास में ऐसे अवसर बहुत कम आते हैं, जब कोई नेतृत्व केवल सरकार चलाने तक सीमित न रहकर एक युग की चेतना का प्रतीक बन जाता है। प्रधानमंत्री मोदी का नेतृत्व तप, त्याग, दूरदृष्टि और राष्ट्रनिष्ठा का उदाहरण है, जिसने करोड़ों भारतीयों को ‘विकसित भारत’ के संकल्प से जोड़ा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक मंच पर अपनी अलग पहचान बनाई है और देश विकास, सुशासन तथा आत्मनिर्भरता की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कामना की कि राष्ट्रसेवा के प्रति प्रधानमंत्री की यह अविराम साधना आगे भी भारत की प्रगति, प्रतिष्ठा और पराक्रम की नई गाथाएं लिखती रहे।
योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और सफल नेतृत्व की मंगलकामना करते हुए उन्हें इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए पुनः शुभकामनाएं दीं।
