Narendra Modi ने नीदरलैंड में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए तेजी से बदलते भारत, तकनीकी प्रगति और वैश्विक स्तर पर देश की बढ़ती पहचान का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आज का भारत केवल बदलाव नहीं चाहता, बल्कि दुनिया में सबसे बेहतर और सबसे तेज बनने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने नीदरलैंड में रह रहे भारतीय समुदाय की सराहना करते हुए कहा कि वहां के समाज और अर्थव्यवस्था में उनका योगदान हर भारतीय के लिए गर्व की बात है। उन्होंने नीदरलैंड की सरकार और जनता का आभार जताते हुए 140 करोड़ भारतीयों की ओर से शुभकामनाएं भी दीं।
उन्होंने कहा कि मानवता के इतिहास में कई संस्कृतियां समय के साथ समाप्त हो गईं, लेकिन भारत की विविध संस्कृति आज भी लोगों के दिलों में जीवित है। पीढ़ियां और देश बदल गए, लेकिन भारतीय परिवारों के संस्कार और अपनापन नहीं बदला क्योंकि लोगों ने अपनी भाषा और परंपराओं को नहीं छोड़ा।
प्रधानमंत्री ने 16 मई 2014 का भी जिक्र किया, जब लोकसभा चुनाव के नतीजों में दशकों बाद भारत में पूर्ण बहुमत वाली स्थिर सरकार बनी थी। उन्होंने कहा कि करोड़ों देशवासियों का विश्वास उन्हें लगातार काम करने की प्रेरणा देता है।
पीएम मोदी ने कहा कि आज भारत बड़े सपने देख रहा है। देश अब सिर्फ ट्रांसफॉर्मेशन नहीं बल्कि “बेस्ट” और “फास्टेस्ट” बनने की दिशा में काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत की असीम आकांक्षाओं के कारण प्रयास भी अब असीम हो गए हैं और युवा नई ऊंचाइयों को छूना चाहता है।
प्रधानमंत्री ने भारत की तकनीकी उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि बीते वर्षों में देश ने चंद्रमा की दूरी से भी 11 गुना अधिक ऑप्टिकल फाइबर बिछाया है। उन्होंने कहा कि जो भारत कभी मोबाइल फोन आयात करता था, वह आज दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल मैन्युफैक्चरर बन चुका है।
उन्होंने यह भी कहा कि आज का भारत “इनोवेशन पावर” के रूप में उभर रहा है और भारतीय डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर की चर्चा पूरी दुनिया में हो रही है। इसके साथ ही भारत सेमीकंडक्टर और चिप निर्माण क्षेत्र में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री के अनुसार देश में 12 सेमीकंडक्टर प्लांट्स पर काम चल रहा है, जिनमें से दो में उत्पादन शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि अब चिप भी “Designed in India” और “Made in India” होगी।
