उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई। नगर कोतवाली क्षेत्र के महुली मोहल्ले में लगातार हो रही बारिश के बीच करीब 100 साल पुराना जर्जर मकान अचानक भरभराकर गिर पड़ा। हादसे के समय पूरा परिवार घर के एक ही कमरे में सो रहा था, जिससे सभी मलबे में दब गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मकान में एसी लगे होने के कारण परिवार के सभी सदस्य एक ही कमरे में सो रहे थे। तड़के अचानक मकान ढह गया और पूरा कमरा मलबे में तब्दील हो गया। हादसे में माता-पिता, बेटा, बहू और दो मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों की मदद से मलबा हटाकर सभी को बाहर निकाला गया, लेकिन छह लोगों को बचाया नहीं जा सका।

प्रारंभिक जांच में लगातार हो रही बारिश और मकान के अत्यधिक पुराने एवं जर्जर होने को हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और प्रभावित परिवार को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।
इस हृदयविदारक हादसे के बाद महुली मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है और पूरे इलाके में शोक की लहर है।

