संगम नगरी प्रयागराज में शुक्रवार को दीपोत्सव के अवसर पर आस्था, संस्कृति और परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिला। महर्षि भारद्वाज आश्रम और श्रृंगवेरपुर धाम समेत शहर के विभिन्न घाट लाखों दीपों की रोशनी से जगमगा उठे। दीपों की कतारों ने दोनों प्रमुख धार्मिक स्थलों की सुंदरता को और बढ़ा दिया। इस दौरान रामकथा आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम, रामायण मंचन और रामचरितमानस की चित्र पांडुलिपि प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही।
कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने महर्षि भारद्वाज आश्रम और श्रृंगवेरपुर धाम में स्थायी दीप स्तंभ बनवाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि दीपोत्सव का आयोजन हर साल पहले से अधिक भव्य रूप में किया जाएगा। दोनों धार्मिक स्थलों को पर्यटन के प्रमुख केंद्रों के रूप में विकसित करने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे।
दोनों धार्मिक स्थलों पर बनेगा दीप स्तंभ
उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दोनों स्थलों पर दीप स्तंभ निर्माण के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रृंगवेरपुर धाम आने वाले श्रद्धालु प्रयागराज के अन्य धार्मिक स्थलों का भी भ्रमण करें और प्रयागराज आने वाले पर्यटक श्रृंगवेरपुर तक पहुंचें। इसके लिए जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर कार्ययोजना तैयार करने को कहा।
भारद्वाज आश्रम में भी आयोजित होगा रामायण मेला
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि श्रृंगवेरपुर धाम की तर्ज पर महर्षि भारद्वाज आश्रम में भी रामायण मेले का आयोजन कराया जाएगा। यहां रामलीला का मंचन भी होगा, जिससे नई पीढ़ी भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और रामायण के प्रसंगों से परिचित हो सकेगी
राम श्रृंगवेरपुर धाम में संस्कृति विभाग की ओर से रामचरितमानस पर आधारित चित्र पांडुलिपि प्रदर्शनी लगाई गई। दोनों स्थलों पर लोक कलाकारों ने रामकथा पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। आयोजन के जरिए लोक संस्कृति, कला, साहित्य और स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया गया।
महर्षि भारद्वाज आश्रम में राज्यसभा सदस्य राधाकांत ओझा, विधान परिषद सदस्य केपी श्रीवास्तव, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, उपाध्यक्ष कृतिका अग्रवाल और नगर मजिस्ट्रेट विनय कुमार सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। वहीं, श्रृंगवेरपुर धाम में विधायक फाफामऊ गुरु प्रसाद मौर्य, मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह और जिला विकास अधिकारी जीपी कुशवाहा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
दिव्यांगजनों के हुनर से सजा दिव्य दीपावली मेला
दूसरी ओर, विकास भवन परिसर में शुक्रवार को मंडल स्तरीय दिव्य दीपावली मेले का शुभारंभ शहर उत्तरी के विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी ने फीता काटकर किया। मेले का उद्देश्य स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के साथ दिव्यांगजनों के हुनर को बाजार उपलब्ध कराना है। विधायक ने विभिन्न संस्थाओं के स्टालों का निरीक्षण किया और दिव्यांगजनों की ओर से तैयार उत्पादों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन दिव्यांगजनों का आत्मविश्वास बढ़ाने और उनके कौशल को पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मेले में प्रयागराज, फतेहपुर और कौशाम्बी की विभिन्न संस्थाओं ने हिस्सा लिया। यहां रंग-बिरंगे दीये, मिट्टी की मूर्तियां, जूट के बैग, मोतियों की मालाएं, मोमबत्तियां, धूपबत्ती और अगरबत्ती समेत कई हस्तनिर्मित उत्पाद प्रदर्शित किए गए।
बचपन डे केयर सेंटर, राजकीय ममता विद्यालय, भाविनी वेलफेयर सोसाइटी, उत्तर प्रदेश मूक-बधिर विद्यालय, एसएन सेवा संस्थान, भावना दिव्यांग विद्यालय और दीपमाला जन कल्याण सेवा संस्थान सहित कई संस्थाओं ने अपने स्टाल लगाए। इस दौरान उप निदेशक दिव्यांगजन सशक्तीकरण, परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण और जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी समेत विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
