पुणे। वायुसेना के एक विमान से जुड़ी घटना के बाद पुणे एयरपोर्ट का रनवे अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है, जिससे हवाई परिचालन प्रभावित हुआ है।
Indian Air Force ने शुक्रवार देर रात सोशल मीडिया के जरिए जानकारी देते हुए बताया कि एक विमान से जुड़ी तकनीकी घटना के चलते रनवे को अस्थायी रूप से अनुपलब्ध करना पड़ा है। हालांकि राहत की बात यह है कि विमान का चालक दल पूरी तरह सुरक्षित है और किसी भी नागरिक संपत्ति को नुकसान नहीं पहुंचा है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वायुसेना के विमान की हार्ड लैंडिंग हुई है, हालांकि इस संबंध में विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है।
केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री Murlidhar Mohol ने भी रनवे बंद होने की पुष्टि करते हुए बताया कि एयरलाइंस को स्थिति की जानकारी दे दी गई है। उन्होंने कहा कि रनवे को जल्द से जल्द चालू करने के प्रयास जारी हैं और सामान्य परिचालन बहाल होने में करीब पांच घंटे का समय लग सकता है।
मंत्री ने यह भी बताया कि वह एयरपोर्ट डायरेक्टर और वायुसेना अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं, ताकि स्थिति को शीघ्र सामान्य किया जा सके।
