रिपोर्ट – गोविद काश्यप
लखनऊ। प्रयागराज में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की सभा को लेकर उत्तर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओपी राजभर ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। उन्होंने राहुल गांधी और अखिलेश यादव को ‘बड़े भाई’ और ‘छोटे भाई’ बताते हुए सभा में अपेक्षित भीड़ न जुटने को लेकर अखिलेश पर तंज कसा।
‘भाई बने घूम रहे हैं, भाईचारा निभाना नहीं जानते’
ओपी राजभर ने अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए कहा कि वह राहुल गांधी के ‘भाई’ बने घूम रहे हैं, लेकिन भाईचारा निभाना नहीं जानते। राजभर ने दावा किया कि राहुल गांधी को उम्मीद थी कि अखिलेश यादव अपने समर्थकों के जरिए सभा में बड़ी संख्या में लोगों को जुटाएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
‘थोड़ी मदद कर देते तो बड़े भाई की इज्जत बच जाती’
राजभर ने राहुल गांधी की सभा में अपेक्षित भीड़ नहीं पहुंचने का दावा करते हुए अखिलेश यादव पर व्यंग्य किया। उन्होंने कहा कि अगर छोटे भाई ने थोड़ी मदद कर दी होती तो बड़े भाई की इज्जत बच जाती। राजभर के इस बयान को सपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक तालमेल पर तंज के तौर पर देखा जा रहा है।
200 सीटों की ‘हैसियत’ पर भी कसा तंज
अपने पोस्ट में ओपी राजभर ने विपक्षी गठबंधन के भीतर सीट बंटवारे को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने तंज करते हुए कहा कि अखिलेश यादव को राहुल गांधी से मोलभाव करना है और अपनी पार्टी की 200 सीटों की ‘हैसियत’ बतानी है। इस टिप्पणी के जरिए उन्होंने सपा-कांग्रेस के बीच संभावित सीट बंटवारे की बातचीत पर कटाक्ष किया।
30 करोड़ खर्च और तीन महीने की तैयारी का दावा
ओपी राजभर ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया कि राहुल गांधी की प्रयागराज सभा के लिए करीब 30 करोड़ रुपये खर्च किए गए। उन्होंने कहा कि सभा की तैयारियों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तीन महीने तक मेहनत की और प्रयागराज में करीब 20 हजार झंडे, बैनर और पोस्टर लगाए गए। राजभर के मुताबिक, इसके बावजूद सभा में अपेक्षित भीड़ नहीं जुट सकी।
‘बड़का भैया’ और ‘छोटका भैया’ पर निशाना
राजभर ने राहुल गांधी की सभा को ‘फ्लॉप शो’ बताते हुए अखिलेश यादव पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि ‘बड़का भैया’ की रात के अंधेरे में हुई सभा फ्लॉप हो गई, जबकि ‘छोटका भैया’ एसी से बाहर निकलने के बजाय सोशल मीडिया के जरिए ही राजनीति कर रहे हैं।
अपने पोस्ट के अंत में राजभर ने राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर कटाक्ष करते हुए कहा कि अब दोनों भाई मिल-बैठकर ‘दो-दो सौ सीटें बांट लें।’
