टीवी और फिल्म अभिनेता राजीव खंडेलवाल अपनी फिटनेस और एजलेस पर्सनालिटी को लेकर एक बार फिर चर्चा में हैं। करीब 50 साल की उम्र में भी वह उतने ही फिट और यंग नजर आते हैं, जैसे अपने शुरुआती करियर के दिनों में दिखते थे। हाल ही में कॉमेडियन हर्ष लिम्बाचिया के पॉडकास्ट में उन्होंने अपनी हेल्दी लाइफस्टाइल और डाइट का खुलासा किया।
20 साल की उम्र से खाते हैं आंवला
राजीव ने बताया कि वह 20 साल की उम्र से रोजाना आंवला खा रहे हैं। आंवला विटामिन-सी से भरपूर होता है, जिसे एंटी-एजिंग और इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है।
ताजे और मौसमी फलों पर जोर
एक्टर ने बताया कि उन्हें बचपन से ही पेड़ों से ताजे फल तोड़कर खाने की आदत है। वह आज भी ताजे और मौसमी फलों को अपनी डाइट का अहम हिस्सा मानते हैं, जो शरीर को कई बीमारियों से बचाने में मदद करते हैं।
नारियल तेल में बनता है खाना
राजीव खंडेलवाल कुकिंग के लिए नारियल तेल का इस्तेमाल करते हैं। उनके अनुसार, यह तेल उनके गोवा स्थित घर में ही तैयार किया जाता है। इसमें मौजूद पोषक तत्व शरीर के लिए फायदेमंद माने जाते हैं।
घर में उगाई सब्जियां करते हैं इस्तेमाल
उन्होंने बताया कि वह अपने घर में ही कई तरह की सब्जियां उगाते हैं, जैसे लौकी, तोरई और जुकिनी। इससे उन्हें ताजी और केमिकल-फ्री सब्जियां मिलती हैं। साथ ही हल्दी और मिर्च भी घर पर तैयार करते हैं।
सिंपल और हेल्दी है फेवरेट मील
राजीव की पसंदीदा डाइट में मूंग दाल, गोभी की सब्जी और बाजरे की रोटी शामिल है। वह ज्यादातर शाकाहारी भोजन करते हैं और प्रोटीन के लिए सीमित मात्रा में नॉन-वेज भी लेते हैं।
जंक फूड से दूरी
एक्टर ने साफ कहा कि वह जंक फूड से पूरी तरह दूरी बनाकर रखते हैं और घर का बना खाना ही पसंद करते हैं। उनके मुताबिक, हेल्दी रहने के लिए सही खानपान और अनुशासन सबसे जरूरी है।
राजीव खंडेलवाल का मानना है कि अगर कम उम्र से ही हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाई जाए, तो बढ़ती उम्र में भी फिट और एक्टिव रहा जा सकता है।
