HomeUncategorizedराम मंदिर चढ़ावा चोरी केस: आरोपी अनुकल्प मिश्र जमीन और लग्जरी गाड़ियों...

राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस: आरोपी अनुकल्प मिश्र जमीन और लग्जरी गाड़ियों में कर रहा था निवेश की तैयारी

राम मंदिर दान पेटियों से चढ़ावे की चोरी के मामले में गिरफ्तार आरोपी अनुकल्प मिश्र को लेकर चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। पुलिस जांच में पता चला है कि वह चोरी की रकम से बड़े पैमाने पर संपत्ति और वाहन खरीदने की योजना बना रहा था।

जानकारी के मुताबिक, अनुकल्प अपने गांव के पास करीब 20 बीघा जमीन खरीदने की तैयारी में था, जिसकी कीमत लगभग दो करोड़ रुपये बताई जा रही है। वह चाहता था कि यह जमीन परिक्रमा मार्ग के पास हो, ताकि भविष्य में इसका व्यावसायिक लाभ लिया जा सके।

इसके अलावा आरोपी एक स्कॉर्पियो खरीदने की तैयारी में था और उसने शोरूम संचालक से बुकिंग की बातचीत भी शुरू कर दी थी। दो महीने पहले उसने एक स्विफ्ट डिजायर कार भी खरीदी थी।

पुलिस पूछताछ में उसके पिता रवींद्र मिश्र से मिली जानकारी के आधार पर यह भी सामने आया है कि अंबेडकरनगर क्षेत्र में कुछ अचल संपत्तियों का सुराग मिला है। अनुकल्प पहले कौशलपुरी में रहता था, लेकिन उसका गांव से लगातार संपर्क बना रहता था।

बताया जा रहा है कि उसने अप्रैल में अपने गांव में भागवत कथा का आयोजन भी कराया था, जिसमें कई प्रॉपर्टी डीलर उससे जमीन सौदे को लेकर संपर्क में आए थे। वह लंबे समय से एक ही स्थान पर बड़ी जमीन खरीदने की कोशिश कर रहा था।

जून में चढ़ावा चोरी का मामला सामने आने के बाद ट्रस्ट की आंतरिक जांच और फिर एसआईटी जांच शुरू हुई, जिसके बाद आरोपी से पूछताछ तेज हुई और अंततः उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

पुलिस का कहना है कि इस मामले में अन्य आरोपियों द्वारा भी चोरी की रकम से संपत्ति और वाहन खरीदने के संकेत मिले हैं, जिनकी जांच अभी जारी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular