एंटरटेनमेंट डेस्क। निर्माता नमित मल्होत्रा की फिल्म ‘रामायणम्’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है। रणबीर कपूर और यश स्टारर इस माइथोलॉजिकल फिल्म को दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। भारत के साथ विदेशी बाजारों में भी फिल्म की कमाई का सिलसिला जारी है। रिलीज के महज 18 दिनों में फिल्म ने दुनियाभर में शानदार प्रदर्शन करते हुए 2000 करोड़ रुपये के वर्ल्डवाइड कलेक्शन की ओर कदम बढ़ा दिए हैं।
इस बीच नॉर्थ अमेरिका में भी फिल्म ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। यहां फिल्म का कलेक्शन 29 मिलियन डॉलर के पार पहुंच गया है। भारतीय मुद्रा में यह आंकड़ा 269 करोड़ रुपये से अधिक है।
फिल्म ने नॉर्थ अमेरिका में अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। इस मामले में इसने ‘धुरंधर: द रिवेंज’ को पीछे छोड़ दिया है, जिसका लाइफटाइम कलेक्शन करीब 28.6 मिलियन डॉलर था।
ओवरसीज कमाई में भी बनाया बड़ा रिकॉर्ड
नॉर्थ अमेरिका के अलावा अन्य विदेशी बाजारों में भी ‘रामायणम्’ का प्रदर्शन शानदार रहा है। 18 दिनों के आंकड़ों के मुताबिक फिल्म का ओवरसीज कलेक्शन 567 करोड़ रुपये के आसपास पहुंच चुका है। वहीं, इसका वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन करीब 1693 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।
फिल्म में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आ रहे हैं। फिल्म का निर्देशन नितेश तिवारी ने किया है। इसके निर्माता नमित मल्होत्रा हैं।
