20 जुलाई को हुए संसद मार्च के दौरान छात्रों के साथ कथित मारपीट का मामला अब चर्चा का विषय बन गया है। इस मुद्दे पर आम लोगों के साथ-साथ कई सेलिब्रिटीज भी अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। इसी बीच टीवी एक्ट्रेस और अनुपमा फेम रुपाली गांगुली ने भी छात्र आंदोलन को लेकर अपनी राय रखी है। रुपाली गांगुली 2024 में बीजेपी में शामिल हुई थीं।
रुपाली ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा कि पेपर लीक के खिलाफ छात्रों की मांग पूरी तरह जायज है। छात्रों को निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था, जवाबदेही और मजबूत सिस्टम मिलना चाहिए, ताकि भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोका जा सके।

‘हिंसा और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान सही नहीं’
रुपाली गांगुली ने अपने पोस्ट में कहा कि किसी भी जायज आंदोलन को हिंसा का रूप लेना कमजोर कर देता है। उनके मुताबिक, कानून हाथ में लेना, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाना या पुलिस पर हमला करना किसी भी स्थिति में सही नहीं है।
उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगों को लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से उठाया जाना चाहिए। अगर प्रदर्शन हिंसक हो जाता है तो छात्रों के असली मुद्दे पीछे छूट जाते हैं और आंदोलन का फोकस बदल जाता है।
राजनीतिक इस्तेमाल से छात्रों को ही नुकसान- रुपाली
रुपाली गांगुली का कहना है कि अगर किसी छात्र आंदोलन का इस्तेमाल राजनीतिक या देश विरोधी एजेंडे के लिए किया जाता है, तो इसका सबसे ज्यादा नुकसान उन छात्रों को होता है जो वास्तव में अपने अधिकारों और बेहतर शिक्षा व्यवस्था के लिए आवाज उठा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि छात्रों की लड़ाई पारदर्शिता, जवाबदेही और परीक्षा प्रणाली में सुधार के लिए होनी चाहिए, न कि हिंसा और तोड़फोड़ के लिए।
छात्रों से शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अपील
एक्ट्रेस ने छात्रों और आम नागरिकों से शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करने की अपील की। उन्होंने कहा कि छात्रों को एकजुट रहना चाहिए और किसी को भी उनकी भावनाओं का राजनीतिक या वैचारिक फायदा उठाने का मौका नहीं देना चाहिए।
रुपाली के मुताबिक, लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण आंदोलन ही बदलाव लाने का सबसे प्रभावी तरीका है। उन्होंने यह भी कहा कि पेपर लीक के मामलों में जांच और कानूनी कार्रवाई जरूरी है, लेकिन इसके साथ परीक्षा व्यवस्था को मजबूत करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
