Homeउत्तर प्रदेशसहारनपुर मुठभेड़ में एक लाख का इनामी बदमाश ढेर, बिहार का कुख्यात...

सहारनपुर मुठभेड़ में एक लाख का इनामी बदमाश ढेर, बिहार का कुख्यात अपराधी ललन सिंह मारा गया

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में रविवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में बिहार का कुख्यात अपराधी और एक लाख रुपये का इनामी बदमाश ललन सिंह उर्फ लल्लन मारा गया। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हालांकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

पुलिस के मुताबिक, 21-22 जून की रात एडिशनल एसपी लाल प्रताप सिंह के नेतृत्व में सरसावा-नकुर मार्ग पर संदिग्ध वाहनों और अपराधियों की तलाश में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को क्षेत्र में कुछ बदमाशों की मौजूदगी की सूचना मिली। घेराबंदी किए जाने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में ललन सिंह घायल हो गया।

घायल बदमाश को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरसावा ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल सहारनपुर रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि ललन सिंह बिहार के समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र के आनंदगोलवा गांव का निवासी था। वह लंबे समय से कई संगीन मामलों में वांछित चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने एक लाख रुपये और चंदौली पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, ललन सिंह पर सात हत्याओं, बैंक डकैती, कैश वैन लूट, सरकारी हथियार लूट, पुलिसकर्मियों पर हमले और संगठित अपराध से जुड़े कई गंभीर मामले दर्ज थे। उसके अपराधों में दो सब-इंस्पेक्टर, एक बैंक कैशियर और एक सुरक्षा गार्ड की हत्या के मामले भी शामिल बताए गए हैं।

उस पर 8 नवंबर 2022 को वाराणसी में एक सब-इंस्पेक्टर की हत्या कर उनकी सर्विस पिस्टल लूटने का आरोप भी था। इसके अलावा चंदौली में हुई लूट और गोलीबारी की घटनाओं में भी वह वांछित था। इन मामलों के बाद से वह विभिन्न राज्यों में छिपकर रह रहा था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।

मुठभेड़ के दौरान फरार हुए उसके साथी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कई विशेष टीमें गठित की हैं। अधिकारियों का कहना है कि संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस का कहना है कि अपराध और संगठित गैंग के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular