रिपोर्ट : ममता भारद्वाज
सहारनपुर मस्जिद विवाद को लेकर पाकिस्तान की ओर से प्रतिक्रिया दिए जाने के विरोध में हिंदू महासभा के कार्यकर्ताओं ने आगरा में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पाकिस्तान के झंडे को जलाकर अपना विरोध जताया।
प्रदर्शनकारियों ने भारत के आंतरिक मामलों में पाकिस्तान की कथित दखलअंदाजी पर नाराजगी जताई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “पाकिस्तान मुर्दाबाद” के नारे लगाए और पाकिस्तान के राजनयिक प्रतिनिधियों को लेकर भी विरोध दर्ज कराया।

हिंदू महासभा की जिला अध्यक्ष मीरा राठौर और राष्ट्रीय प्रवक्ता अज्जू चौहान ने संयुक्त रूप से कहा कि पाकिस्तान को भारत के आंतरिक मामलों पर टिप्पणी करने के बजाय अपने देश में हिंदुओं के साथ हो रहे कथित अत्याचार, मठ-मंदिरों और गुरुद्वारों की सुरक्षा जैसे मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने भारत में आतंकवाद से जुड़े मुद्दों को लेकर भी पाकिस्तान पर सवाल उठाए।
कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि भारत में रहकर विवादित मस्जिदों और अतिक्रमण से जुड़े मामलों में पाकिस्तान के समर्थन में बयान देने वालों को देशहित में सोचना चाहिए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने उत्तर प्रदेश सरकार की कार्रवाई का समर्थन भी किया।
हिंदू महासभा नेताओं ने कहा कि संगठन उत्तर प्रदेश सरकार के साथ खड़ा है और अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई का समर्थन करता रहेगा।
कार्यक्रम का संचालन शंकर श्रीवास्तव और मनीष पंडित ने संयुक्त रूप से किया। प्रदर्शन में अवतार सिंह गिल, युवा जिला अध्यक्ष विशाल कुमार, महिला मोर्चा महानगर अध्यक्ष निशा ठाकुर, विष्णु प्रजापति, गुनगुन ठाकुर, देव लता, रोहित राजपूत, प्रमोद कुशवाह समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
