लखनऊ के सैरपुर क्षेत्र में एक महिला ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उसे करीब पांच वर्षों तक बंधक बनाकर यौन शोषण किया गया और उस पर मतांतरण का दबाव भी बनाया गया।
पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपी मंजूर अली को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य नामजद आरोपियों की तलाश जारी है। एसीपी बीकेटी विकास पांडेय के अनुसार, मामले की जांच के लिए टीमों का गठन किया गया है।
पीड़िता ने तहरीर में बताया कि मार्च 2021 में वह अपने मायके सैरपुर आई थी। आरोप है कि उसी दौरान गांव के बाहर से मंजूर अली ने नशीला पदार्थ सुंघाकर उसे बेहोश किया और अगवा कर लिया।
इसके बाद उसे अलग-अलग स्थानों पर बंधक बनाकर रखा गया और लगातार शारीरिक शोषण किया गया। महिला का आरोप है कि इस दौरान उसे किसी से संपर्क नहीं करने दिया गया और उस पर धर्म परिवर्तन कर मुस्लिम बनने का दबाव बनाया जाता रहा।
पीड़िता के अनुसार, आरोपी जब ड्यूटी पर जाता था तो उसे अपने रिश्तेदार सलमान के पास छोड़ देता था। इस दौरान सलमान और उसके भाई कमाल अली की भूमिका भी सामने आई है।
कुछ समय पहले पीड़िता किसी तरह लखीमपुर खीरी में पहुंची, जहां उसने पड़ोसी की मदद से अपने परिवार को सूचना दी। इसके बाद परिजन उसे लखनऊ लेकर आए और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लखीमपुर खीरी की शिव कॉलोनी रोड से मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके पास से एक मोबाइल फोन और चार सिम कार्ड बरामद हुए हैं। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
