बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने रियलिटी शो ‘द अलायंस’ के फिनाले वीक में अपनी जिंदगी के सबसे कठिन दौर को याद करते हुए जेल में बिताए दिनों का जिक्र किया। छोटे भाई सोहेल खान का हौसला बढ़ाने पहुंचे सलमान ने बताया कि बार-बार बेल मिलना और फिर जेल लौटने की आशंका उन्हें मानसिक रूप से थका देती थी।
शो के प्रोमो में सलमान ने कहा कि जेल में एक छोटी-सी बैरक में 50-70 लोग रहते थे और वहां केवल एक भारतीय शैली का शौचालय था। उन्होंने बताया कि उस दौर की परिस्थितियां बेहद कठिन थीं, लेकिन धीरे-धीरे उन्होंने खुद को उस माहौल के अनुसार ढाल लिया।
सलमान ने बताया कि जब भी उनकी कानूनी टीम बेल के लिए आवेदन करती थी, उन्हें हमेशा डर रहता था कि कहीं बेल रद्द न हो जाए। हालांकि जब अंततः उन्हें बताया गया कि अब दोबारा जेल नहीं जाना पड़ेगा, तो उनके मन में मिले-जुले भाव थे।
मजाकिया अंदाज में सलमान ने कहा कि काश उनका जेल में रहना चार-पांच दिन और बढ़ जाता। इसकी वजह बताते हुए उन्होंने कहा कि जेल में नियमित वर्कआउट, अनुशासित दिनचर्या और साधारण भोजन की वजह से उनकी फिटनेस शानदार हो गई थी और वह खुद को पहले से ज्यादा फिट महसूस कर रहे थे।
गौरतलब है कि सलमान खान को वर्ष 1998 के काला हिरण शिकार मामले में जेल जाना पड़ा था। वर्ष 2006 में उन्हें सजा सुनाई गई थी, जबकि 2018 में भी इसी मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद उन्होंने कुछ समय जेल में बिताया था। बाद में उन्हें जमानत मिल गई थी।
