लखनऊ। राजधानी लखनऊ के चर्चित समरीन मौत मामले में गुरुवार को नया मोड़ आ गया। मामले के मुख्य आरोपी अवनीश जायसवाल उर्फ देव की लखनऊ जिला कारागार में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
उसका शव जेल की बैरक के बाथरूम में मिला। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने कथित तौर पर आत्महत्या की है। घटना की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। जेल अधिकारियों और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
14 अक्टूबर को होटल की 10वीं मंजिल से गिरकर हुई थी समरीन की मौत
दरअसल, बीते 14 अक्टूबर को सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र स्थित होटल सेलेस्टियल मैन्योर की 10वीं मंजिल से गिरकर 24 वर्षीय समरीन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया था कि घटना वाले दिन समरीन अपने कथित बॉयफ्रेंड अवनीश जायसवाल उर्फ देव के साथ होटल पहुंची थी।
दोनों ने दोपहर करीब 12 बजे होटल में चेक-इन किया था। शाम करीब 6:30 बजे समरीन 10वीं मंजिल से नीचे गिर गई थी। इस घटना में उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।
घटना के दो दिन बाद कोर्ट में किया था सरेंडर
समरीन की मौत के मामले में नामजद होने के बाद अवनीश फरार हो गया था। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी। पुलिस के बढ़ते दबाव के बीच घटना के दो दिन बाद आरोपी ने अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया था। इसके बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में लखनऊ जिला कारागार भेज दिया गया था।
