रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखपुर के कैंपियरगंज में प्रदेश की पहली वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय की आधारशिला रखी।
इस दौरान आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला और माफियाओं को सख्त चेतावनी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की सड़कें अराजकता फैलाने के लिए नहीं बनी हैं। सड़कों पर गुंडागर्दी और अव्यवस्था फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी गुंडागर्दी, अराजकता, दंगों और कर्फ्यू की पर्याय रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि माफियाओं को संरक्षण देने का काम किया गया और जनता के साथ धोखा व शोषण हुआ।
रोड शो में नाबालिग के घायल होने का किया जिक्र
सीएम योगी ने बुधवार को सपा के रोड शो के दौरान हुई घटना का जिक्र करते हुए कहा कि एक नाबालिग लड़का इसका शिकार बना। उन्होंने प्रशासन को सड़कों पर अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने माफियाओं को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर किसी ने दोबारा माफियागिरी दिखाने की कोशिश की तो उसे मिट्टी में मिलाने में देर नहीं लगेगी। उन्होंने कहा कि गुंडे और माफिया कानून के डंडे से ही सीधे होंगे और सरकार इसी दिशा में काम कर रही है।
491 करोड़ की लागत से बनेगा विश्वविद्यालय
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय की आधारशिला भी रखी। करीब 50 हेक्टेयर क्षेत्रफल में बनने वाले इस संस्थान पर 491 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
जिलाधिकारी दीपक मीणा के मुताबिक, विश्वविद्यालय के निर्माण से गोरखपुर को शिक्षा और शोध के क्षेत्र में नई पहचान मिलेगी। यहां दो विशिष्ट विश्वविद्यालयों समेत कुल पांच विश्वविद्यालय संचालित होंगे।
895 विद्यार्थियों के लिए बनेगा छात्रावास
डीएफओ शुभम सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर में प्रशासनिक भवन, दो शैक्षणिक ब्लॉक, केंद्रीय पुस्तकालय और बहुउद्देशीय सभागार बनाया जाएगा। इसके अलावा 895 विद्यार्थियों के लिए छात्रावास, 401 आवासीय यूनिट, किसान कल्याण केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र और अतिथि गृह जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
इस विश्वविद्यालय से वानिकी, औद्यानिकी, पर्यावरण संरक्षण और कृषि अनुसंधान को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
