Homeउत्तर प्रदेशगोरखपुर में बनेगा यूपी का पहला वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय, 491 करोड़...

गोरखपुर में बनेगा यूपी का पहला वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय, 491 करोड़ से अधिक होंगे खर्च

रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश को वानिकी एवं औद्यानिकी शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में नई पहचान मिलने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखपुर के कैम्पियरगंज में प्रदेश के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय का भूमि पूजन किया। 123 एकड़ से अधिक भूमि पर 491 करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत से इस विश्वविद्यालय का निर्माण किया जाएगा। इससे वन संपदा के संरक्षण, औद्यानिकी को बढ़ावा देने और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होने की उम्मीद है।

प्रकृति संरक्षण से जुड़ेगा किसानों की समृद्धि का लक्ष्य

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम से पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर विश्वविद्यालय को प्रकृति संरक्षण और जनसमृद्धि से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि प्रकृति का संरक्षण केवल पर्यावरण की रक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अन्नदाता की समृद्धि, युवाओं के लिए नए अवसर और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का आधार भी है।

मुख्यमंत्री ने वर्ष 2017 से पहले की सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में वन संपदा और औद्यानिकी की अपार संभावनाएं होने के बावजूद पूर्ववर्ती सरकारों ने इन्हें किसानों की आय, युवाओं के रोजगार और प्रदेश के विकास से जोड़ने के लिए स्पष्ट नीति और दूरदृष्टि नहीं दिखाई।

शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार को मिलेगा बढ़ावा

सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने प्रदेश की इस क्षमता को पहचाना है। अब पर्यावरण संरक्षण के साथ शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार को जोड़कर विकास और समृद्धि का नया रास्ता तैयार किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय बनने से इन क्षेत्रों में अध्ययन और शोध को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही प्रदेश की प्राकृतिक संपदा का बेहतर उपयोग कर किसानों और युवाओं के लिए नए अवसर तैयार किए जा सकेंगे।

55 विकास परियोजनाओं का भी लोकार्पण-शिलान्यास

मुख्यमंत्री ने बताया कि विश्वविद्यालय के भूमि पूजन के साथ कैम्पियरगंज विधानसभा क्षेत्र में 792 करोड़ रुपये से अधिक की 55 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य प्रदेश की प्राकृतिक संपदा को जनसमृद्धि का आधार बनाना है, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ हर परिवार के जीवन में खुशहाली लाई जा सके।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular