रिपोर्ट: प्रिया बाजपेयी शुक्ला
लखनऊ। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (UPMRC) में नौकरी पाने की तैयारी कर रहे युवाओं को जालसाज निशाना बना रहे हैं। लखनऊ, कानपुर और आगरा मेट्रो में नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जी वेबसाइट, ई-मेल और विज्ञापनों के जरिए अभ्यर्थियों से पैसे मांगे जा रहे हैं। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों को देखते हुए UPMRC ने एडवाइजरी जारी कर युवाओं को सतर्क रहने की अपील की है।
कॉरपोरेशन के मुताबिक, कुछ असामाजिक तत्व UPMRC और उसकी तीनों मेट्रो परियोजनाओं के नाम और पहचान का दुरुपयोग कर रहे हैं। ये लोग नौकरी दिलाने का झांसा देकर अभ्यर्थियों से आर्थिक ठगी करने की कोशिश कर रहे हैं। कॉरपोरेशन ने स्पष्ट किया है कि उसकी भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और योग्यता आधारित है। किसी भी अभ्यर्थी को पैसे या व्यक्तिगत सिफारिश के आधार पर नौकरी नहीं दी जाती।
इन वेबसाइटों पर ही देखें भर्ती की जानकारी
UPMRC ने बताया कि भर्ती से जुड़ी आधिकारिक अधिसूचनाएं, परीक्षा कार्यक्रम और परिणाम केवल अधिकृत वेबसाइट www.lmrcl.com और www.upmetrorail.com पर ही जारी किए जाते हैं। जरूरत पड़ने पर भर्ती संबंधी विज्ञापन समाचार पत्रों में भी प्रकाशित किए जाते हैं।
पद के स्तर और प्रकृति के अनुसार चयन प्रक्रिया में कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT), साक्षात्कार या अन्य निर्धारित चरण शामिल हो सकते हैं। अभ्यर्थियों का चयन भर्ती विज्ञापन में निर्धारित मानकों और उनकी योग्यता के आधार पर किया जाता है।
नौकरी के नाम पर किसी को न दें पैसे
कॉरपोरेशन ने युवाओं को सलाह दी है कि नौकरी दिलाने की गारंटी देने वाले किसी व्यक्ति, एजेंसी या कथित भर्ती प्रतिनिधि को पैसे न दें। अनधिकृत वेबसाइटों और सोशल मीडिया पर मिलने वाले नौकरी के प्रस्तावों पर भरोसा करने से पहले आधिकारिक वेबसाइट से उनकी पुष्टि जरूर करें।
इसके अलावा अभ्यर्थियों को अपनी व्यक्तिगत, बैंकिंग और गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करने की भी सलाह दी गई है।
UPMRC ने साफ किया है कि लखनऊ, कानपुर और आगरा मेट्रो में नौकरी पाने के लिए किसी तरह की रिश्वत या सिफारिश की जरूरत नहीं है। भर्ती का एकमात्र आधार निर्धारित चयन प्रक्रिया और अभ्यर्थियों की मेरिट है।
