रिपोर्ट : प्रिया बाजपेयी शुक्ला
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। बैठक में दोनों राज्यों के बीच लंबे समय से लंबित परिसंपत्ति मामलों के साथ सिंचाई और पुराने पुलों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।
धामी ने बनबसा बैराज और नगरा बाईपास नहर की मरम्मत को प्राथमिकता से कराने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि इन ढांचों का समय पर रखरखाव स्थानीय लोगों की सुरक्षा, आवागमन और सिंचाई व्यवस्था के लिए जरूरी है।
बैठक में झनकैया पुल और सूखा पुल समेत सिंचाई विभाग के अधीन आने वाले पुराने जर्जर पुलों की मरम्मत, मजबूतीकरण और जरूरत पड़ने पर पुनर्निर्माण का मुद्दा भी उठाया गया। धामी ने संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ काम जल्द पूरा करने पर जोर दिया।
इसके अलावा दोनों मुख्यमंत्रियों ने संपत्तियों के बंटवारे, हस्तांतरण और अन्य लंबित प्रकरणों पर भी चर्चा की। धामी ने बताया कि दोनों राज्यों के बीच लगातार बातचीत के चलते परिसंपत्तियों से जुड़े कई पुराने मामलों का समाधान हो चुका है। उन्होंने शेष मामलों को भी आपसी सहमति से जल्द निपटाने की उम्मीद जताई।
धामी ने उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से मिल रहे सहयोग के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताया।
