बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान अकवान का असर अब लखनऊ के मौसम पर भी दिखाई देगा। मौसम विभाग के अनुसार 21 और 22 नवंबर को राजधानी के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। बारिश के बाद न्यूनतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे शहर में ठंड का असर और बढ़ेगा।
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद प्रदेश में ठंडी और शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाएं चल रही हैं। इसके चलते पिछले 72 घंटों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिन और रात के तापमान में 3 से 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। हवा में नमी कम होने से सुबह के घने कोहरे से भी लोगों को राहत मिली है।
सुबह धुंध के बाद निकली तेज धूप
गुरुवार सुबह लखनऊ में हल्की धुंध छाई रही, लेकिन कुछ देर बाद आसमान साफ हो गया और तेज धूप निकल आई। मौसम विभाग के अनुसार आज शहर का अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
इससे पहले बुधवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
लखनऊ की हवा में सुधार, AQI 148 पर पहुंचा
मौसम में बदलाव का असर राजधानी की वायु गुणवत्ता पर भी देखने को मिला है। गुरुवार सुबह शहर के छह मॉनिटरिंग स्टेशनों का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 148 दर्ज किया गया। इससे पहले बुधवार शाम 5 बजे केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों में औसत AQI 161 रिकॉर्ड किया गया था।
सुबह के आंकड़ों के अनुसार शहर के अधिकांश इलाके यलो जोन में रहे, जबकि कुकरैल की हवा सबसे साफ दर्ज की गई और यहां AQI ग्रीन जोन में रहा।
शहर के अलग-अलग इलाकों का AQI
-
केंद्रीय विद्यालय, अलीगंज: 199
-
तालकटोरा इंडस्ट्रियल एरिया: 180
-
लालबाग: 162
-
गोमती नगर: 154
-
बीआर अंबेडकर यूनिवर्सिटी: 124
-
कुकरैल पिकनिक स्पॉट-1: 67
